लखनऊ/मथुरा। उत्तर प्रदेश में लगातार गिरते तापमान और भीषण शीत लहर को देखते हुए राज्य शासन ने छात्रों की सुरक्षा और स्वास्थ्य के मद्देनजर बड़ा फैसला लिया है। प्रदेश भर के सभी बोर्डों के कक्षा 8 तक के स्कूलों को आगामी 8 जनवरी तक बंद रखने का आदेश जारी किया गया है।
शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, भीषण ठंड और कोहरे के प्रकोप को देखते हुए कक्षा नर्सरी से लेकर कक्षा 8 तक के सभी निजी और सरकारी स्कूल बंद रहेंगे। वहीं, कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित न हो, इसके लिए उनके विद्यालय खुले रहेंगे, लेकिन उनके समय में परिवर्तन किया गया है। अब 9वीं से 12वीं तक की कक्षाएं सुबह 9:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक संचालित की जाएंगी।
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश सभी बोर्डों (UP Board, CBSE, ICSE) के विद्यालयों पर समान रूप से लागू होगा। यदि कोई विद्यालय इन आदेशों की अवहेलना करता पाया गया, तो उसके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
पिछले कुछ दिनों से कोहरे और बर्फीली हवाओं के कारण अभिभावकों द्वारा स्कूलों की छुट्टी की मांग की जा रही थी। शासन के इस फैसले से लाखों छात्र-छात्राओं और उनके परिजनों को बड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक ठंड से राहत न मिलने की संभावना जताई है, जिसे देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।