मथुरा में चाची से अवैध संबंधों के कांटा बने सगे चाचा की हत्या, भतीजा गिरफ्तार

​मथुरा (राया) । जनपद के थाना राया क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सारस में कल मिली युवक की लाश की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। सगे भतीजे ने ही अपने चाचा की हत्या सिर्फ इसलिए कर दी क्योंकि चाचा उसके और पत्नी (चाची) के बीच अवैध संबंधों में बाधक बन रहा था। पुलिस ने हत्यारोपी भतीजे को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त ‘ताँचिया’ (छोटी कुल्हाड़ी) बरामद कर ली है।
​पुलिस जांच और अभियुक्त के कबूलनामे के अनुसार आरोपी रोहित (22 वर्ष) के अपनी सगी चाची के साथ पिछले काफी समय से अवैध संबंध थे। मृतक चाचा 35 वर्षीय अमृत पुत्र मूलचंद्र ने पिछले तीन महीनों से भतीजे को घर आने और इन संबंधों को रखने से कड़ाई से मना कर दिया था। इसी रंजिश के चलते रोहित ने चाचा को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
​बीती 4 जनवरी की रात रोहित ने पहले चाचा अमृत को जी भरकर शराब पिलाई और जब वह नशे में धुत हो गया तो उसे गांव के पास स्थित पोखर (तालाब) के किनारे ले जाकर ताँचिया से गर्दन पर प्रहार कर उसकी निर्मम हत्या कर दी। साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को तालाब किनारे फेंक दिया।
​घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की तीन टीमें मामले की तफ्तीश में जुट गई थीं। सोमवार को मुखबिर की सूचना पर थाना राया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राया-मथुरा रोड से यमुना एक्सप्रेस-वे की ओर जाने वाले मार्ग से अभियुक्त रोहित पुत्र धनवीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उसके घर के कमरे से खून से सनी छोटी कुल्हाड़ी (ताँचिया) भी बरामद कर ली है।
​थाना राया में अभियुक्त के विरुद्ध मु.अ.सं. 009/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) (हत्या) और 238 (साक्ष्य मिटाना) में मामला पंजीकृत किया गया है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना राया के प्रभारी निरीक्षक व अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने विधिक कार्यवाही पूरी कर आरोपी को जेल भेज दिया है।