मथुरा । थाना गोवर्धन क्षेत्र की अड़ींग पुलिस चौकी अंतर्गत बाईपास मार्ग पर मथुरा से गोवर्धन जा रहा एक ओवरलोड टेम्पो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में टेम्पो में सवार 70 वर्षीय रामजीलाल की मौके पर ही मौत हो गई। इस ओवरलोड टेंपो में डेढ़ दर्जन से अधिक सवारियां बैठी हुई थी। मृतक रामजीलाल थाना फरह क्षेत्र के जोधपुर गांव के निवासी थे। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल यात्रियों को पलटे हुए टेम्पो से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोवर्धन पहुंचाया गया। अन्य घायलों को भी गोवर्धन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे में घायल एक दंपति की कमर में गंभीर चोट आने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बताया गया है कि रामजीलाल अपनी नातिन के साथ बेटी के घर गोवर्धन आ रहे थे। रास्ते में टेम्पो पलटने से उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। जैसे ही मौत की सूचना परिजनों को मिली, परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस द्वारा घटना की जांच की जा रही है।