मिशन शक्ति/ऑपरेशन जागृति के तहत महिला थाना में हुआ जागरूकता कार्यक्रम

मथुरा। मिशन शक्ति/ऑपरेशन जागृति अभियान के अंतर्गत शनिवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार के निर्देशन में महिला थाना परिसर में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके प्रति होने वाली हिंसा, झूठे मुकदमे दर्ज कराने की प्रवृत्ति, तथा युवा-युवतियों के प्रेम प्रसंगों के चलते बिना बताए घर से पलायन जैसी सामाजिक समस्याओं के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही साइबर क्राइम, उससे बचाव के उपायों एवं सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।

महिला थाना पुलिस टीम द्वारा बताया गया कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें तथा ओटीपी किसी के साथ साझा न करें ताकि साइबर ठगी से बचा जा सके। इसके अतिरिक्त महिलाओं से संबंधित अपराधों एवं उनकी कानूनी प्रक्रियाओं की भी जानकारी प्रदान की गई।

कार्यक्रम के अंत में आवश्यकता पड़ने पर उपयोग के लिए विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई जिनमें प्रमुख रूप से-
1090 वीमेन पावर लाइन,
181 महिला हेल्पलाइन,
1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन,
112 पुलिस आपातकालीन सेवा,
1098 चाइल्ड हेल्पलाइन,
102 स्वास्थ्य सेवा एवं
108 एम्बुलेंस सेवा शामिल हैं।