मथुरा। जनपद की थाना सुरीर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी दस्तावेजों के सहारे आर्थिक अपराध की तैयारी कर रहे दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से 03 कूटरचित आधार कार्ड, 07 सिम कार्ड और कुल 14 एटीएम कार्ड बरामद किए हैं।
थाना सुरीर पुलिस टीम द्वारा बीते दिन चलाये जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान तेहरा अंडरपास से ओहावा की ओर जाने वाली सर्विस रोड पर कस्बा सुरीर के पास संदिग्ध अवस्था में दो युवकों को रोका । तलाशी के दौरान उनके पास से भारी मात्रा में फर्जी और संदिग्ध दस्तावेज बरामद हुए जिसके बाद दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। इनके नाम जुबेर पुत्र जब्बार निवासी बुद्धा एन्क्लेव लोहिया नगर मेरठ एवं आकिब पुत्र एहसान नि. भमरा थाना गुलावठी बुलंदशहर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार अभियुक्तों के पास से बरामद कूटरचित आधार कार्ड, सिम कार्ड और एटीएम कार्ड का उपयोग साइबर ठगी, बैंक फ्रॉड और अन्य आर्थिक अपराधों में किया जा सकता था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभिन्न बैंकों और दूरसंचार कंपनियों से संपर्क कर जांच कर रही है। पुलिस अभियुक्तों के अन्य आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह गिरफ़्तारी किसी बड़े गिरोह की ओर इशारा कर सकती है। अभियुक्तों से पूछताछ के आधार पर फर्जी दस्तावेज तैयार करने और इनके जरिए लेन-देन करने वाले नेटवर्क की कड़ियां खंगाली जा रही हैं। इनकी गिरफ्तारी में थानाध्यक्ष अजय कुमार सिंह, उपनिरीक्षक अमित कुमार, नितिन तेवतिया, सुनीत कुमार, मनोज कुमार तथा हेड कांस्टेबल महेन्द्र सिंह शामिल रहे।
Sign in
Sign in
Recover your password.
A password will be e-mailed to you.