प्रोजेक्ट मथुरा टीम ने यमुना घाट पर चलाया महा क्लीनअप अभियान 2025 , 81 युवाओं ने दिया स्वच्छता का संदेश
मथुरा । यमुना नदी के पावन गऊ घाट पर गत दिन प्रोजेक्ट मथुरा टीम के द्वारा महा क्लीनअप अभियान 2025 का सफल आयोजन किया गया। कड़ाके की ठंड के बावजूद 81 युवाओं ने पूरे उत्साह के साथ घाट की सीढ़ियों, तटों एवं आसपास के क्षेत्रों में व्यापक सफाई अभियान चलाया। इस अभियान में डीसीबी बैंक, वृक्षित टीम, क्लीन वृंदावन, ब्रज गार्जियन, गोकुल क्लीनअप टीम एवं नगर निगम – नेचर ग्रीन का सराहनीय सहयोग रहा। डीसीबी बैंक, मथुरा के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत स्वयं भाग लेकर युवाओं का उत्साहवर्धन किया, जबकि नगर निगम के मैदानी कर्मचारियों ने सफाई कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सफाई के दौरान घाट क्षेत्र से प्लास्टिक कचरा, टूटी हुई मूर्तियाँ तथा नशीले पदार्थों की खाली बोतलें एकत्र की गईं। स्वयंसेवकों ने धार्मिक स्थलों की स्वच्छता एवं मर्यादा बनाए रखने का संदेश भी दिया।
प्रोजेक्ट मथुरा के संस्थापक सीए विपुल अग्रवाल ने बताया कि यह अभियान एक दिन की पहल नहीं, बल्कि दीर्घकालिक स्वच्छता मिशन का हिस्सा है। इसके अंतर्गत गऊ घाट से बंगाली घाट तक सभी घाटों एवं आसपास के रिहायशी क्षेत्रों में नियमित सफाई अभियान चलाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि टीम का उद्देश्य द्वारिकाधीश मंदिर व यमुना घाट क्षेत्र को स्वच्छ, सुरक्षित और श्रद्धालुओं के अनुकूल बनाकर मथुरा-वृंदावन को स्वच्छता का आदर्श मॉडल बनाना है। विपुल अग्रवाल ने अपील कि सभी लोग कचरा सिर्फ डस्टबिन में ही डालें ।