चौमुहां । जनपद की थाना जैंत पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। फिरौती के लिए कॉलेज छात्रा का अपहरण करने वाले गिरोह के साथ हुई मुठभेड़ के बाद पुलिस ने छात्रा को सकुशल बरामद कर लिया है। इस कार्रवाई में एक महिला सहित तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें से दो बदमाश गोली लगने से घायल हुए हैं।
पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पकड़े गए बदमाशों ने जल्दी पैसा कमाने के लालच में वेब सीरीज देखकर छात्रा के अपहरण की साजिश रची थी। बदमाशों ने योजना के तहत एक टेंपो किराए पर लिया और बृहस्पतिवार को कॉलेज से घर लौट रही छात्रा का अपहरण कर लिया। अपहरणकर्ताओं ने छात्रा के पिता से 30 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी।
पुलिस को सटीक सूचना मिली थी कि अपहरणकर्ता गाँव धोरेरा के पास स्थित जंगल में छिपे हैं। घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो शातिर बदमाश सौरव सिंह उर्फ मंडली निवासी आगरा, हाल निवासी वृंदावन और मंजीत निवासी निवासी सीतामढ़ी, बिहार, हाल निवासी थाना हाईवे, मथुरा, घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। इसमें एक महिला आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से अपहरण में प्रयुक्त सामान और फिरौती की रकम बरामद की है। जिसमें फिरौती के रूप में वसूल किए गए 2.5 लाख रुपए, घटना में प्रयुक्त एक टेंपो, 2 अवैध तमंचे, 4 जिंदा कारतूस और 5 खोखा कारतूस बरामद हुए हैं।