मथुरा यमुना एक्सप्रेसवे पर कोहरे में 7 बसें- 3 कारें भिड़ीं, 4 की मौत, CM योगी ने किया आर्थिक सहायता देने का एलान
मथुरा । दिल्ली-आगरा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के भीषण हादसा हो गया। रात्रि में समय लगभग 4.30 बजे यमुना एक्सप्रेस-वे पर आगरा से नोएडा की तरफ माइलस्टोन 127 पर घने कोहरा के दृष्टिगत लो विजिबिलिटी के कारण 07 बस व 03 छोटी गाड़ियों का एक्सीडेन्ट हो गया। उक्त सड़क दुर्घटना में 04 व्यक्तियों की मृत्यु एवं 25 व्यक्ति घायल हो गए है। जानकारी देते हुए जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि घायल व्यक्तियों को प्राथमिक उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिलाधिकारी ने चिकित्सकों को निर्देश दिए कि सभी घायलों को उत्कृष्ट स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराए। जिलाधिकारी ने अवगत कराया है कि घायलों में कोई भी व्यक्ति गम्भीर रूप से घायल नहीं है। बेहतर से बेहतर उपचार दिया जा रहा है। जिलाधिकारी ने बताया कि अन्य यात्रियों को गंतव्य तक सरकारी वाहनों से भिजवाया गया है। पुलिस विभाग, अग्निशमन विभाग, एन0एच0ए0आई0, स्वास्थ्य विभाग आदि द्वारा दुर्घटना स्थल पर तत्काल पहुंचकर बचाव कार्य किया गया।
हादसे पर एसएसपी मथुरा श्लोक कुमार ने बताया कि सात बसें और तीन कारें आपस में टकरा गईं, जिससे सभी वाहनों में आग लग गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहत एवं बचाव कार्य लगभग पूरा हो चुका है। अब तक चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 25 घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है। वहीं, मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिए गए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद मथुरा में सड़क दुर्घटना का संज्ञान लेते हुए जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने दिवंगतों के शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है तथा अधिकारियों को निर्देशित किया है कि घायलों का तत्काल, समुचित एवं निःशुल्क उपचार सुनिश्चित करते हुए उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। मुख्यमंत्री योगी ने हादसे में दिवंगतों के परिजनों को रुपए 02-02 लाख तथा घायलों को रुपए 50-50 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने के निर्देश दिए हैं।