धर्मशाला । भारत ने दक्षिण अफ्रीका को तीसरे टी20 मैच में सात विकेट से हराकर पांच मैचों की सीरीज में 2-1 की बढ़त हासिल कर ली है। भारत ने गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन की मदद से दक्षिण अफ्रीका की पारी 20 ओवर में 117 रन पर ऑलआउट कर दी थी। भारत ने फिर 15.5 ओवर में तीन विकेट पर 120 रन बनाकर मैच अपने नाम किया। भारत के लिए अभिषेक शर्मा ने सबसे ज्यादा रन बनाए। अभिषेक ने 18 गेंदों पर तीन चौकों और तीन छक्कों की मदद से 35 रन बनाए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए अभिषेक और शुभमन गिल ने भारत को तेज शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 60 रन जोड़े। इस साझेदारी को कॉर्बिन बॉश ने आउट किया। भारत ने तीसरे स्थान पर सूर्यकुमार की जगह तिलक वर्मा को उतारा। तिलक और गिल ने दूसरे विकेट के लिए 32 रनों की साझेदारी की, लेकिन मार्को यानसेन ने गिल को बोल्ड कर दिया। गिल 28 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 28 रन बनाकर आउट हुए।
कप्तान सूर्यकुमार यादव एक बार फिर असफल रहे और 12 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद तिलक और शिवम दुबे ने भारत की जीत की औपचारिकता पूरी की। तिलक 34 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से नाबाद 25 रन और शिवम चार गेंदों पर एक चौका और एक छक्के की मदद से 10 रन बनाकर नाबाद रहे। दक्षिण अफ्रीका के लिए लुंगी एनगिडी, मार्को यानसेन और कॉर्बिन बॉश को एक-एक विकेट मिला।
इससे पहले, भारत ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। दक्षिण अफ्रीका की बल्लेबाजी पहले ही ओवर से खराब रही और भारत ने शुरुआती झटका देकर उस पर दबाव बनाया। दक्षिण अफ्रीका की टीम अंत तक इससे नहीं उबर सकी और उसके नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए। टीम के लिए कप्तान एडेन मार्करम ने अर्धशतक लगाया जिससे टीम 100 रनों का आंकड़ा पार करने में सफल रही। दक्षिण अफ्रीका के लिए मार्करम ने 46 गेंदों पर छह चौकों और दो छक्कों की मदद से 61 रन बनाए, जबकि डोनोवान फेरेरा ने 20 रनों का योगदान दिया। एनरिच नॉर्त्जे 12 रन बनाकर आउट हुए। इन तीन बल्लेबाजों के अलावा दक्षिण अफ्रीका के लिए कोई बल्लेबाज दहाई अंक का आंकड़ा पार नहीं कर सका। दिलचस्प बात यह रही कि इस मैच में भारत के सभी गेंदबाजों को सफलता मिली। भारत की ओर से वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा और कुलदीप यादव को दो-दो विकेट मिले। हार्दिक पांड्या और शिवम दुबे को एक-एक सफलता मिली।