सनसनी : बरसाना में परचून व्यापारी की कुल्हाड़ी से काटकर बेहरमी से हत्या
मथुरा । बरसाना के गांव डहरौली के समीप परचून व्यापारी की कुल्हाड़ी से काटकर बेहरमी से हत्या कर दी गई। उसका खून से लथपथ शव कुएं से पुलिस ने बरामद किया है। खेत पर दुकानदार को खींचने और बाइक के निशान मिले हैं। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे खंगालने शुरू कर दिए हैं। घटना की जानकारी तब हो सकी, जब देर तक घर नहीं आने पर परिवार के लोग उसकी तलाश में निकले। परिजनों को गांव से कुछ दूर ही खेतों के बीच खून की लाइन दिखाई दी। परिजन उस खून की पड़ी हुई लाइन के सहारे एक पुराने कुएं तक पहुंच कर जब टॉर्च की रोशनी नीचे कुआं पर मारी तो वहां युवक का शव पड़ा देख पैरों तले जमीन खिसक गई। सर्द रात के सन्नाटा मातम में बदल दिया। युवक की हत्या से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस के उच्च अधिकारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बरसाना थाना अंतर्गत डाहरोली गांव निवासी 37 वर्षीय महादेव पुत्र खच्चर रोज की तरह गुरुवार रात लगभग नौ बजे बरसाना-गोवर्धन रोड स्थित अपनी परचून की दुकान बंद कर बाइक से घर के लिए निकले थे। देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजन चिंतित होने लगे। परिवार के लोग उनकी तलाश में निकल पड़े। गांव के रास्ते में खेतों के पास उसकी बाइक पड़ी मिली। बाइक से कुछ दूरी पर जमीन पर फैले खून के ताजे धब्बे देखकर परिजन सन्न रह गए। खून के निशान खेतों के भीतर बने कुएं की ओर जा रहे थे। परिजन जब कुएं के नजदीक पहुंचे और टॉर्च की रोशनी नीचे डाली तो महादेव का शव पानी में उतराता दिखाई दिया। चीखें सुनकर ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया। पुलिस ने हत्यारों की तलाश में टीमें लगा दी हैं और दावा किया है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़कर घटना का खुलासा कर दिया जाएगा। हत्याकांड के बाद डाहरोली गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने बताया कि महादेव के सिर पर भारी वस्तु से प्रहार कर हमला किया गया। वारदात को अंजाम देने के बाद शव को कुएं में फेंका गया। प्रथम दृष्टया मामला किसी रंजिश का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही हत्या के कारण और आरोपी स्पष्ट होंगे।