सतर्कता सबकी साझा ज़िम्मेदारी, सम्मिलित प्रयास भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाएँगे: डीएम

मथुरा। पूरे देश में 27 अक्टूबर से 02 नवंबर 2025 तक सतर्कता जागरूकता सप्ताह मनाया जाएगा। इसी क्रम में मथुरा रिफ़ाइनरी में सतर्कता जागरूकता सप्ताह का उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह ने अपने जोरदार भाषण से रिफाईनरी में धूम मचा दी।
सतर्कता: एक साझा ज़िम्मेदारी विषय पर मनाए जा रहे इस वर्ष के सतर्कता सप्ताह के अवसर पर मुख्य अतिथि चंद्र प्रकाश सिंह का स्वागत मथुरा रिफाइनरी के कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख मुकुल अग्रवाल ने किया।

जिलाधिकारी सीपी सिंह ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी रिफाइनरी कर्मियों और वर्चुअल माध्यम से जुड़े लोगों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। उन्होंने इंडियन ऑयल की ईमानदारी और निष्ठा के साथ कारोबार करने के प्रयासों की सराहना करते हुए ज़ोर दिया कि व्यक्तिगत ईमानदारी सतर्कता का सार है और विभिन्न संस्थानों में उच्च पदों पर आसीन व्यक्तियों पर जागरूकता फैलाने और लोगों को ईमानदारी अपनाने के लिए प्रेरित करने की बड़ी ज़िम्मेदारी है। उन्होंने आगे कहा कि प्रिवेंटिव विजिलेन्स या निवारक सतर्कता संस्थागत ईमानदारी की ओर ले जाती है, जिससे एक भ्रष्टाचार मुक्त समाज का निर्माण होता है। यह एक विकसित राष्ट्र बनने की हमारी राह सुनिश्चित करेगा। उन्होंने कहा कि हमें हर समय सतर्क रहना चाहिए और यह केवल सतर्कता सप्ताह तक ही सीमित नहीं होना चाहिए। जिलाधिकारी ने कहा कि अगर हर व्यक्ति अपनी भूमिका प्रभावी और ईमानदारी से निभाए तो भ्रष्टाचार को मिटाया जा सकता है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने सतर्कता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जो आस-पास के गाँवों में लोगों को भ्रष्टाचार मुक्त राष्ट्र बनाने के लिए जागरूक और प्रेरित करेगा। इस अवसर पर उन्होंने पौधा रोपण कर हरित भविष्य के लिए सभी को प्रेरित किया।