मथुरा में 26 अक्टूबर से शुरू होगा ब्रज रज उत्सव का शुभारंभ, तैयारियों का सीईओ ने लिया जायजा

 

मथुरा। दीपावली के पांच दिवसीय उल्लास के बाद अब भगवान श्रीकृष्ण की जन्मस्थली मथुरा एक बार फिर सांस्कृतिक रंगों में रंगने जा रही है। आगामी 26 अक्टूबर से ब्रज रज उत्सव की शुरुआत होने जा रही है। उत्सव को भव्य और आकर्षक बनाने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। बुधवार को उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) श्याम बहादुर सिंह ने अधिकारियों के साथ धौली प्याऊ स्थित रेलवे ग्राउंड पर तैयारियों का निरीक्षण किया। आयोजन स्थल पर जेसीबी मशीनों की मदद से भूमि समतलीकरण और अन्य तैयारी कार्य तीव्र गति से जारी है।
निरीक्षण के दौरान सीईओ श्याम बहादुर सिंह ने मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण के सचिव अरविंद कुमार द्विवेदी के साथ पंडाल निर्माण की तकनीकी बारीकियों का जायजा लिया और निर्माण एजेंसी के इंजीनियरों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने मंच निर्माण में कुछ सुधार करने, झूलों को सुदृढ़ रूप से लगाने तथा पेड़ों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही दर्शकों के बैठने और आवागमन की व्यवस्था को सुविधाजनक बनाए रखने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि “किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे, इसके लिए हर झूला और संरचना की पूरी जांच की जाए।”
सीईओ ने बताया कि ब्रज रज उत्सव 26 अक्टूबर से 5 नवंबर तक आयोजित होगा। प्रत्येक दिन पूर्वाह्न 11 बजे से उत्सव की गतिविधियां आरंभ होंगी।
सुबह स्कूली बच्चों द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी, जबकि दोपहर 3:30 से शाम 6:00 बजे तक ब्रज के लोक कलाकार अपनी पारंपरिक लोक कलाओं का प्रदर्शन करेंगे। इसके पश्चात अतिथि कलाकारों की विशेष प्रस्तुतियां होंगी। मुख्य अतिथि कलाकारों में सांसद एवं प्रसिद्ध अभिनेत्री हेमा मालिनी द्वारा ‘श्याम-यशोदा’ नाट्य मंचन, महाभारत में दुर्योधन की भूमिका से चर्चित पुनीत ईश्वर का विशेष कार्यक्रम, और भजन गायक कन्हैया मित्तल के भक्ति भजन सहित कई अन्य श्रीकृष्ण भक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक होंगे।
सीईओ ने कहा कि इस बार का ब्रज रज उत्सव पिछले वर्षों की तुलना में अधिक भव्य, आकर्षक और सुव्यवस्थित होगा।
निरीक्षण के दौरान डिप्टी सीईओ सतीश चंद्र, उज्जल ब्रज संस्था के सचिव अनंत शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।