नगर निगम मथुरा-वृन्दावन में “मिशन शक्ति” कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण पर दिया जोर

मथुरा। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित “मिशन शक्ति 5.0” अभियान के अंतर्गत नगर निगम मथुरा-वृन्दावन में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने हेतु विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इस क्रम में नगर निगम की आईईसी टीम द्वारा डैंपियर नगर स्थित संविलित ऋषि संतान प्राथमिक विद्यालय में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं एवं स्थानीय महिलाओं को सुरक्षा, आत्मरक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम के दौरान नवदुर्गा माताजी की प्रेरणादायी झांकी प्रस्तुत की गई, जिसमें यह संदेश दिया गया कि कैसे दुर्गा शक्ति ने समाज की कुरीतियों, बुराइयों और अन्याय का अंत कर मानवता की रक्षा की। झांकी के माध्यम से महिलाओं की शक्ति, साहस और आत्मनिर्भरता का सशक्त संदेश दिया गया।

इसके साथ ही नगर निगम की टीम ने उपस्थित छात्राओं व महिलाओं को मिशन शक्ति अभियान की जानकारी देते हुए जागरूक किया कि प्रत्येक महिला अपने अधिकारों के प्रति सजग रहकर आत्मविश्वास के साथ समाज में योगदान दे सकती है।

इसी क्रम में मिशन शक्ति कार्यक्रम के अंतर्गत नगर निगम मथुरा-वृन्दावन की आईईसी टीम ने वार्ड 60 स्थित पोत्रा कुंड के निकट नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भी जागरूकता संदेश दिया। इस नाटक के जरिए महिलाओं का सम्मान, भ्रूण हत्या रोकथाम एवं महिलाओं के समान अधिकारों को लेकर समाज को प्रेरित किया गया।

नगर निगम का यह अभियान महिलाओं को न केवल आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण है, बल्कि समाज में उनकी गरिमा और अधिकारों की रक्षा का भी संकल्प है।