तेल अवीव । इजरायली आर्मी (आईडीएफ) ने गाजा पर पूरी तरह कब्जे की तैयारी शुरू कर दी है। इजरायली सेना ने सोमवार को गाजा शहर पर कब्जे के लिए बड़ा जमीनी हमला किया है। यह इस क्षेत्र का सबसे बड़ा शहरी केंद्र है। ऐसे इस हमले से क्षेत्र में पहले से मौजूद मानवीय संकट और ज्यादा बढ़ सकता है। इजरायल बीते कई हफ्तों से गाजा में बमबारी कर रहा है। इससे बड़े पैमाने पर जानमाल का नुकसान हुआ है। गाजा में अक्टूबर, 2023 से चल रही लड़ाई में 64 हजार से ज्यादा फिलिस्तीनियों की मौत हो चुकी है। एक्सियोस ने इजरायली अधिकारियों के हवाले से बताया है कि गाजा में भीषण हवाई हमलों के बाद आईडीएफ की ओर से बड़े पैमाने पर जमीनी आक्रमण शुरू किया गया है। इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की सरकार ने पिछले महीने सेना को गाजा शहर पर कब्जे का आदेश दिया था। इसके बाद से गाजा पट्टी इजरायली सेना की घेराबंदी में है। इससे बड़े पैमाने पर विस्थापन और भोजन की कमी के चलते बड़ा मानवीय संकट है।
इजरायली सेना कुछ हफ्तो से गाजा शहर के बाहरी इलाके में काम कर रही है। अब वह शहर के केंद्र के करीब पहुंच रही है, जहां पिछले महीने करीब 10 लाख फिलिस्तीनी शरण लिए हुए थे। इजरायली रक्षा मंत्री काट्ज ने मंगलवार को कहा कि गाजा जल रहा है। आईडीएफ आतंकी ढांचे पर प्रहार कर रहा है और हमास को हराने के लिए लड़ रहे हैं। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भी इजरायल से कतर जाते समय कहा है कि आक्रमण शुरू हो गया है। मंगलवार को उन्होंने कहा कि इजरायल की कार्रवाई शुरू होने के बाद हमारे पास समझौते के लिए बहुत कम समय बचा है। हमारे पास शायद कुछ दिन या हफ्ते ही बचे हैं। इससे पता चलता है कि इजरायल के हमले तेज हो गए हैं। इजरायल के अक्टूबर 2023 में गाजा पर शुरू किए गए हमलों के बाद से 64,000 से ज्यादा फिलिस्तीनी मारे गए हैं। इस क्षेत्र का एक हिस्सा अकाल से पीड़ित है। इजरायल पहले से ही गाजा के लगभग 75% हिस्से पर नियंत्रण रखता है। अब वह इस क्षेत्र पर पूरी तरह से कब्जा कर बड़े पैमाने पर जबरन विस्थापन की कोशिश में है।