वृंदावन में बाढ़ पीड़ितों की मदद में जुटा प्रशासन, दोनों वक्त दिया जा रहा भोजन

मथुरा। जनपद में यमुना नदी में आई बाढ़ से प्रभावित लोगों के लिए जिला प्रशासन हर संभव मदद कर रहा है। बाढ़ ग्रस्त इलाके में जहां प्रतिदिन राहत सामग्री बाटी जा रही है वही राजस्व विभाग के अधिकारी कर्मचारी ग्रामीणों की समस्या के निवारण में रात दिन एक किए हुए हैं। बाढ़ पीड़ितों की मदद की कमान जिलाधिकारी सीपी सिंह स्वयं संभाले हुए हैं । वह लगातार प्रभावित क्षेत्रों में दौरा कर समस्याओं का निदान कर रहे हैं। गुरुकुल बाढ़ चौकी वृंदावन में नायब तहसीलदार अनमोल गर्ग के साथ लेखपाल रितेश वशिष्ठ आदि राजस्व कर्मी प्रतिदिन चार दर्जन बाढ़ प्रभावित लोगों को दोनों टाइम भोजन उपलब्ध करा रहे हैं।

नायब तहसीलदार श्री गर्ग ने बताया कि वृंदावन इलाके में बाढ़ प्रभावित लोगों को सरकार द्वारा प्रदत्त सभी प्रकार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने बताया फिलहाल जल स्तर में कमी आने के संकेत मिल रहे हैं। नगर निगम के कर्मचारियों से प्रभावित क्षेत्रों में साफ सफाई भी करवाई जा रही है। हजारी मल सोमानी इंटर कालेज में बनी बाढ़ चौकी पर चैकिंग के दौरान रात्रि 11 बजे लेखपाल राकेश यादव मौजूद मिले। बाढ़ पीड़ित रामचंद्र ने बताया कि खादर क्षेत्र में उनकी झोंपड़ी वह गयी जिस कारण उनके रहने खाने पीने के लाले पढ़ गए परन्तु डीएम साहब की कृपा से उनको रहने की सुविधा के साथ दोनों वक्त का खाना मिल रहा है।