मुंबई । भारी बारिश ने देश की आर्थिक राजधानी मुंबई की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिए हैं। हालात ये है कि बिजली आपूर्ति रुकने की वजह से मुंबई मोनोरेल भी बीच रास्ते में ही अटक गई है। कई घंटे फंसे रहने के बाद यात्रियों को क्रेन की मदद से निकाला जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मैसूर कॉलोनी स्टेशन के करीब एक मोनोरेल रास्ते में ही फंस गई। यात्री बिना एसी के करीब कई घंटे से ट्रेन के अंदर ही फंसे हैं।
एलिवेटेड मोनोरेल मैसूर कॉलोनी और भक्ति पार्क स्टेशन के बीच फंसी है। अब क्रेन की मदद से मोनोरेल से यात्रियों को निकाला जा रहा है। महाराष्ट्र मुंबई मेट्रो ऑपरेशन कॉरपोरेशन लिमिटेड ने बयान जारी कर कहा है कि ‘एक मोनोरेल ट्रेन मैसूर कॉलोनी स्टेशन के नजदीक बिजली आपूर्ति बाधित होने के चलते रुक गई है। हमारी संचालन और मेंटिनेंस टीम मौके पर पहुंचकर समस्या सुलझाने की कोशिश कर रही है। फिलहाल वडाला और चेंबूर स्टेशन के बीच मोनोरेल का संचालन हो रहा है।’ उन्होंने कहा कि जल्द ही सेवा बहाल कर दी जाएगी। कॉरपोरेशन ने कहा कि सुरक्षा उनकी पहली प्राथमिकता है। मौके पर मौजूद बीएमसी के एडिश्नल म्युनिसिपल कमिश्नर अमित सैनी ने बताया कि अग्निशमन विभाग और पुलिस की टीमें बचाव अभियान में जुटी हैं।
महाराष्ट्र में भारी बारिश से 14 लोगों की मौत
महाराष्ट्र में बीते कुछ दिनों से भारी बारिश का दौर जारी है, जिसने लोगों की आफत बढ़ा रखी है। राज्य में लगातार हो रही बारिश और बाढ़ से अब तक 14 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि सैकड़ों लोगों को बाढ़ प्रभावित इलाकों से बचाया गया है। नांदेड़ में बादल फटने के बाद आई बाढ़ में आठ लोगों की मौत हो गई। जबकि अलग-अलग घटनाओं में छह लोगों ने जान गंवा दी। सीएम देवेंद्र फडणवीस ने लोगों से कहा है कि आगामी 48 घंटे बेहद अहम हैं, वे सावधानी बरतें। वहीं बारिश के चलते ट्रैक पर पानी भरने से मध्य रेलवे ने सात जोड़ी ट्रेनों को रद्द कर दिया है। कई ट्रेनों का रास्ता बदला गया है।
















Views Today : 578