मुड़िया पूर्णिमा मेला से देश को देंगे स्वच्छ ब्रज का संदेश , डीएम ने झाड़ू लगाई

मथुरा । मुड़िया पूर्णिमा मेला ब्रज का सबसे बड़ा मेला है, इसमें देश भर से एक करोड़ से अधिक लोगों का आगमन एक सप्ताह के दौरान होता है। मिनी भारत के रूप में जुटने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ ब्रज का संदेश देने की योजना पर काम शुरु हो गया है। शनिवार को जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह प्रातः काल गोवर्धन पहुंच गए। यहाँ परिक्रमा के प्रवेश द्वार दान घाटी पर सफाई अभियान चलाया। स्थानीय लोगों के साथ मंदिर के आसपास कूड़ा साफ किया। जिलाधिकारी को कूड़ा उठाते देख कर स्थानीय लोग भी अभियान में जुट गए। इस मौके पर जिलाधिकारी ने कहा कि यह एक बेहतर मौका है जब हम स्वच्छ ब्रज की छवि देश के सामने प्रस्तुत कर सकते हैँ। इस मेला में अनेक राज्यों से एक करोड़ से अधिक श्रद्धालु परिक्रमा को आते रहे हैँ। उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ परिक्रमा को आने वाले श्रद्धालुओं से भी स्वच्छता के इस अभियान में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि खान पीन के बाद दौना पत्तल, ग्लास, बोतल सहित अन्य समान यूं ही सड़कों पर न फेंके। डस्टबिन का उपयोग करें ।

जिलाधिकारी ने परिक्रमा मार्ग में दुकानदारों से भी अतिक्रमण न करने की अपील की। कहा कि दुकान के आगे नाली पर कब्जा न किया जाए। ऐसा करने वाले दुकानदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। परिक्रमा मार्ग में भीड़ का दबाव रहता है। ऐसे में उसे दुकान के बाहर सामान रखकर और सकरा न किया जाए। स्वच्छता अभियान के दौरान जिलाधिकारी के साथ गोवर्धन परिक्रमा मार्ग में सफाई का जिम्मा संभाले उज्ज्वल ब्रज संस्था के कार्यकर्ता भी रहे।