मथुरा-वृंदावन में सफाई व्यवस्था को लेकर नगर आयुक्त ने जारी किए कड़े निर्देश, वर्षा में जल भराव की समस्या पर होगी कड़ी कार्यवाही
मथुरा। मथुरा वृंदावन महानगर क्षेत्र में सार्वजनिक स्थलों एवं मंदिरों के आसपास सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए नगर आयुक्त जगप्रवेश ने मंगलवार को नगर निगम के सभागार में आयोजित सफाई विभाग के अधिकारियों और पर्यवेक्षकों की बैठक में कड़े निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने बैठक में सभी 70 वार्डो में प्रतिदिन किए जाने वाले सफाई कार्य की बिंदुवार समीक्षा की।
महानगर की सफाई व्यवस्था को ओर अधिक सुदृढ़ करने तथा वर्षा ऋतु पूर्व नाले नालियों की सफाई के दृष्टिगत आयोजित बैठक में नगर आयुक्त जग प्रवेश ने कहा कि सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित मथुरा-वृंदावन के निर्माण हेतु सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतत एवं सक्रिय भूमिका निभानी होगी । बैठक में नगर आयुक्त ने कहा कि आने वाले 7 दिनों के भीतर सभी वार्डों में स्थित नाले-नालियों की तलीझाड़ सफाई एवं सिल्ट उठान सुनिश्चित किया जाए ताकि वर्षा के दौरान जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो। प्रतिदिन प्रातः 5 बजे से सभी सफाई कर्मी अपने-अपने क्षेत्रों में कार्य प्रारंभ करें। सफाई निरीक्षक स्वयं स्थल पर उपस्थित रहकर मॉनिटरिंग करें तथा सुबह 8 बजे तक प्रमुख मार्गों, वार्डों और सार्वजनिक स्थलों पर सफाई कार्य पूर्ण कर लिया जाए। सभी कूड़ा स्थलों की सफाई 10 बजे पूर्व तक अनिवार्य रूप हो जानी चाहिए।
नगर आयुक्त ने निर्देशित किया कि सफाई निरीक्षक फील्ड में रहकर मॉनिटरिंग करें तथा वीडियो कॉलिंग के माध्यम से उनकी उपस्थिति का निरीक्षण किया जाएगा। सभी सफाई कर्मी नियमित यूनिफॉर्म में कार्य करें। कार्यदायी संस्था के कर्मचारी भी यूनिफॉर्म पहनकर ही सफाई कार्य में जुटे । आगामी 21 जून से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महापर्व तक विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा जिसके अंतर्गत न केवल मुख्य मार्गों बल्कि वार्डों के आंतरिक क्षेत्रों एवं खाली प्लॉट्स की भी सफाई की जाएगी। प्लॉट स्वामियों को आवश्यकतानुसार नोटिस जारी किए जाए ताकि वे अपने प्लॉट्स पर सफाई रखें एवं समुचित बाउंड्रीवॉल की व्यवस्था करें।
बैठक में अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ गोपाल बाबू गर्ग, जोनल सैनेटरी ऑफिसर, मुख्य सफाई निरीक्षक सहित सभी सफाई निरीक्षक, सुपरवाइजर उपस्थित रहे।