मथुरा के सेठ बी.एन. पोद्दार इण्टर कॉलेज में 29 मार्च को लगेगा भारतीय नववर्ष मेला

मथुरा। 29 मार्च दिन शनिवार को नववर्ष मेला समिति द्वारा नव आकर्षण, नवसज्जा तथा नवउत्साह के साथ सेठ बी.एन. पोद्दार इण्टर कॉलेज में परम्परागत रूप से विभिन्न सांस्कृतिक एवं रंगारंग कार्यक्रमों के साथ आयोजित किया जा रहा है। समारोह में मुख्य अतिथि राधाबल्लभ सम्प्रदाय प्रधान पीठाधिपति तिलकायत अधिकारी गोस्वामी श्रीहित मोहित मराल जी महाराज और विशिष्ठ अतिथि बेबीरानी मौर्य मंत्री महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार विकास, उ.प्र. सरकार होंगी।
उक्त जानकारी प्रदीप श्रीवास्तव महामंत्री नववर्ष मेला समिति द्वारा सरस्वती शिशु मंदिर दीनदयाल नगर मथुरा में दी गई। मेला महामंत्री ने बताया कि भारतीय संस्कृति के प्रचार-प्रसार के लिए नवसम्वत्सर पर नववर्ष मेला वर्ष 2002 से शुरू हुआ है। तभी से यह मेला प्रतिवर्ष लगता है। इस वर्ष एक दिवसीय नववर्ष मेला का शुभारम्भ चैत्र कृष्ण अमावस्या संवत् 2081 तदनुसार 29 मार्च 2025 दिन शनिवार को भूमि पूजन एवं हवन के साथ मध्यान्ह एक बजे से सेठ बी०एन० पौद्दार इंटर कॉलेज के मैदान में होगा। रंगोली प्रतियोगिता सायं 5 बजे और विभिन्न मंचीय प्रतियोगिताएं सायं 5:30 बजे से होंगी। नववर्ष समारोह रात्रि 8 बजे से दीप प्रज्जवलन से शुरू होगा। ।
इस दिन का विशेष आकर्षण सांस्कृतिक कार्यक्रम के अन्तर्गत रात्रि 9:15 बजे से अखिल भारतीय कवि सम्मेलन होगा। इसमें हास्य कवि महेन्द्र अजनबी, पार्थ नवीन, वीर रस कवि मनवीर मधुर, डा. कुमार मनोज, अजय अंजाम, राधाकान्त पाण्डेय, ज्योति त्रिपाठी एवं गीतकार मोनिका दहलवी कविता पाठ करेंगे।
नववर्ष मेला समिति अध्यक्ष कमलेश अरोरा ने बताया कि इस नवसम्वत्सर मेला में आने वाले सभी आगुन्तकों को चंदन लगाकर स्वागत किया जायेगा वही मेला से वापस जाते समय नीम की कॉपल, मिश्री का प्रसाद, नवसंवत्सर शुभकामनाएं कार्ड और गंगा जल भेंट स्वरूप दिया जायेगा।
मीडिया प्रमुख मुकेश शर्मा ने बताया मेला का बच्चों के लिए मुख्य आकर्षण घोडा, ऊँट की सवारी, झूले. खेल-तमाशा, खान-पान की स्टॉल, स्वदेशी वस्तुओं की बिक्री राष्ट्रीय साहित्य बिक्री केन्द्र, कुटीर उद्योग से बने वस्त्र विभिन्न प्रकार की प्रदर्शनी नृत्य संगीत के सांस्कृतिक कार्यक्रम पर आधारित विविध मंनोरंजक पूर्ण कार्यक्रम आयोजित होंगे।
पत्रकार वार्ता में अजय अग्रवाल कोषाध्यक्ष गंगाधर अरोड़ा हर स्वरूप यादव एवं केशव गौड़ उपस्थित रहे।