मथुरा में प्रयागराज से लौट रहे श्रद्धालुओं की कार बस में पीछे से घुसी , कई घायल
मथुरा (राजपथ मथुरा ब्यूरो)। महावन थाना क्षेत्र के अन्तर्गत यमुना एक्सप्रेसवे पर गांव तारापुर सिहोरा के समीप शुक्रवार तडक़े प्रयागराज से लौट रहे श्रद्धालुओं की कार बस में पीछे से घुस गई। हादसे के बाद चीख पुकार मच गई। कार में लोग बुरी तरह से फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस और यमुना एक्सप्रेस-वे अथॉरिटी के कर्मचारी पहुंच गए। घायलों को तत्काल ही उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। सडक़ हादसे में घायल सुधीर ने बताया कि प्रयागराज में महाकुंभ स्नान करने के बाद अपने घर, ओल्ड गुडग़ांव रोड समालका, नई दिल्ली लौट रहे थे। तडक़े करीब 5 बजे यमुना एक्सप्रेस वे पर उनकी कार आगे चल रही बस से टकरा गई, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
दुघर्टना में कार चला रहे सुधीर कुमार, उनकी माँ खजानी देवी, पत्नी प्रिया, बेटा पुनीत कुमार और बेटी सुमन घायल हो गये। सूचना पर पुलिस और एक्सप्रेस वे की टीम मौके पर पहुंच गयी। सभी घायलों को इलाज के लिए मथुरा राया रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
महावन थाना के कार्यवाहक प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया। घटना की जानकारी घायलों के परिजनों को दे दी गयी है। मामले की जांच जारी है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।