नई दिल्ली । कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी को दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। उन्हें कल सुबह पेट से जुड़ी समस्याओं के चलते यहां भर्ती कराया गया था। उनकी नियमित जांच की गई। सर गंगाराम अस्पताल के प्रशासन की ओर से बताया गया था कि उनके पेट में हल्का संक्रमण है। इसके अलावा रूटीन चेकअप भी होना था, इसलिए उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में गांधी की नियमित जांच की गई है और वे डॉक्टरों की एक टीम की निगरानी में थीं।
बताया गया कि उनकी हालत में सुधार है और अब उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। बता दें कि कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी दिसंबर 2024 में 78 साल की हो गई हैं। सोनिया गांधी आखिरी बार 13 फरवरी को संसद के बजट सत्र के दौरान राज्यसभा के बाहर सार्वजनिक रूप से दिखाई दी थीं।