नए डीएम ने बांके बिहारी दरबार में लिया आशीर्वाद, कहा कान्हा नगरी में मिला सेवा का दोबारा अवसर

मथुरा। जनपद के नवागत जिलाधिकारी ने मथुरा में अपने कार्यकाल की शुरुआत बांके बिहारी जी के दरबार में पूजा अर्चना कर की है। जिलाधिकारी का चार्ज लेने से पहले I A S सी पी सिंह ने बांके बिहारी के दरबार में हाजिरी लगाई। वृंदावन पहुंचने पर सी ओ सदर संदीप सिंह और कोतवाली प्रभारी रवि त्यागी ने उनकी अगुवानी की। यमुना एक्सप्रेस वे होते हुए वह बांके बिहारी जी मंदिर पहुंचे।
बांके बिहारी मंदिर पहुंचे नवागत जिलाधिकारी ने यहां पूजा अर्चना की और सुख समृद्धि की कामना की। यहां वह एक टक भगवान बांके बिहारी जी की छवि को निहारते रहे। इस दौरान मंदिर के पुजारी पदम गोस्वामी ने उनको पूजा अर्चना कराई और भगवान का प्रसादी अंग वस्त्र व प्रसाद भेंट किया।

बांके बिहारी के दर्शन करने पहुंचे नवागत जिलाधिकारी सी पी सिंह ने कहा कि उन्हें दूसरी बार मथुरा में सेवा करने का अवसर मिलने पर कहा कि प्रभु बार बार सेवा का अवसर देते हैं,हमारा दायित्व है उनकी सेवा करें और जनकल्याण के काम करें। इस दौरान उनके साथ गाजियाबाद के जिलाधिकारी रहे प्रदेश के सचिव कृषि इंद्र विक्रम सिंह ने भी बिहारी जी के दर्शन किये।