मथुरा। जिला कारागार का सोमवार को जिला जज आषीष गर्ग सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सुरेन्द्र प्रसाद मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट उत्सव गौरव राज द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पाकशाला में सांयकाल हेतु बंदियों का भोजन तैयार किया जा रहा था जिसकी गुणवत्ता मानक के अनुसार सही पायी गयी। निरीक्षण के दौरान कारागार चिकित्सालय में भर्ती बन्दियों की बीमारी आदि के सम्बन्ध में चिकित्साधिकारी से जानकारी प्राप्त की गयी तथा बन्दियों से उनका हाल-चाल जाना गया।
कारागार की बैरकों की साफ-सफाई पेयजल व्यवस्था दिन एवं रात्रि शौचालय स्नान व्यवस्था आदि को बहुत बारीकी से चेक किया गया। किसी प्रकार की कोई समस्या नही पायी गयी। कारागार मे बन्दी कल्याण हेतु संचालित हथकरघा, पोषाक केन्द्र एल.ई.डी. बल्ब केन्द्र तथा महिला वार्ड में संचालित ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण आदि व्यवस्थाओं को देखा गया। जिला जज ने बन्दियों को कारागार में कार्य करनें के बदले मिलने वाली मजदूरी आदि के सम्बन्ध में जानकारी की गयी।
कारागार की बैरकों में निरूद्ध बन्दियों की बैरकों के अन्दर जाकर उनके रहन-सहन, बिस्तर, इन्डोर गेम व आउट डोर गेम के साथ-साथ विचार परिवर्तन हेतु संचालित किये जा रहे कार्यक्रम, विधिक सेवा, फ्री में अधिवक्ता आदि के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त कर समस्त व्यवस्थाओं को चेक किया गया तथा आवश्यक निर्देश दिये गये।
निरीक्षण के दौरान कारागार की बैरकों में निरूद्ध बन्दियों का हाल-चाल जाना तथा उनकी समस्याओं के बारे में पूछा । बंदियों द्वारा किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं होना बताया गया। निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक बृजेश कुमार चिकित्साधिकारी डा. उपेन्द्र पाल सिंह सोलंकी उप कारापाल अनूप कुमार सुश्री करुणेश कुमारी श्रीमती शिवानी यादव लेखाकार चूणामणि तिवारी एवं फार्मासिस्ट सुभाष चन्द्र द्विवेदी व अन्य कारागार कार्मिक उपस्थित रहे।