मथुरा आगरा अलीगढ में एसएसपी रहे पूर्व आईपीएस ने की भाजपा ज्वाईन

लखनऊ/मथुरा। मथुरा के पूर्व एसएसपी प्रेम प्रकाश ने मंगलवार को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली है । उन्हें उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने पार्टी की सदस्यता दिलाई। पांचवें चरण के लोकसभा चुनाव का मतदान सोमवार को समाप्त हो चुका है जिसके बाद फिर से कई नेता और अधिकारी भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ले रहे हैं।
मंगलवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी और डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने मथुरा आगरा अलीगढ के पूर्व एसएसपी और प्रयागराज से एडीजी पद से रिटायर्ड आईपीएस प्रेम प्रकाश को भाजपा की सदस्यता दिलाई। इस दौरान रिटायर्ड आईपीएस प्रेम प्रकाश ने कहा की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने तरक्की की है और पार्टी की नीतियों के जरिये राष्ट्रहित में काम करने वाला प्रत्येक व्यक्ति भारतीय जनता पार्टी के साथ है। उन्होंने कहा कि आगामी चरण के चुनावों में भाजपा चार सौ पार पहुँचने जा रही है। वही भाजपा की सदस्यता लेने के बाद कहा कि अब मुझे देश का कर्ज उतरने का मौका मिला है, जिसे देश सेवा के जरिये मैं पूरा करूँगा। उन्होंने कहा कि मैंने बीजेपी की नीतियों से प्रभावित होकर पार्टी की सदस्यता ली है। सदस्यता लेने के बाद पूर्व आईपीएस ने सीएम योगी आदित्यनाथ से भी मुलाकात की। उप मुख्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि मोदी जी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए महायज्ञ चल रहा है। इस यज्ञ में सभी अपनी अपनी आहुति दे रहे हैं। सपा की अराजकता को आज तक लोग भूले नही है। सपा शासन में 1000 से ज्यादा दंगे हुए थे। आज उत्तर प्रदेश में कानून का राज है। केजरीवाल जैसा बहरूपिया आज तक कहीं नहीं देखा। केजरीवाल को महिलाओं से माफी मांगना चाहिए। इस अवसर पर मथुरा जनपद की बल्देव विधानसभा के विधायक पूरन प्रकाश के अलावा पार्टी के शीर्ष पदाधिकारी मौजूद रहे।