मथुरा। श्रीबांकेबिहारी की नगरी वृंदावन में धार्मिक आयोजनों के लिए भव्य एवं विशाल भवन बन कर तैयार हो गया है। यहां कम खर्च पर ही हाई फाई सुविधाओं के साथ धर्म प्रेमी धार्मिक आयोजन करा सकेंगे। यहाँ पर ठहरने के लिए कमरों का भी इंतजाम है। यह सरकारी भवन उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद ने करीब 10 करोड़ रु की लागत में तैयार कराया है।
वृंदावन में आने वाले श्रद्वालुओ की संख्या तेजी से बढ रही है। इसमें उन श्रद्वालुओ की संख्या भी बहुतायत में है जो यहां आकर वास करते हैं। यहां धार्मिक आयोजन भी इसी पवित्र नगरी में कराते हैं। इसे देखते हुए उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद ने नगर के मध्य लक्ष्मण शहीद स्मारक सामुदायिक केंद्र का लाल पत्थर से निर्माण कराया है। नगर निगम वृंदावन कार्यालय के निकट स्थापित लक्ष्मण शहीद स्मारक सामुदायिक केंद्र में दो विशाल हॉल बनाए गए हैं, जिनमें 500 लोगों के बैठने की क्षमता है।
इसके अलावा वाहन पार्किंग, दो वेटिंग हॉल, किचिन, पेंट्री , स्टोर, टायलेट ब्लॉक, मीटिंग हॉल, डोरमेट्री , दो बेडरूम, दो मल्टी परपस रूम भी बनाए गए हैं। यह विशाल भवन दो मंजिला है। ऊपर की मंजिल पर यात्रियों के ठहरने की भी वयवस्था भी है। स्थानीय लोगों के साथ बाहर से आने वाले भक्त भी इस भवन का उपयोग धार्मिक आयोजनों के लिए कर सकेंगे। यह सामुदायिक केंद्र ऐसे स्थान पर है, जहां लोगों की पहुंच बेहद आसान है।

- वृंदावन में आए दिन धार्मिक आयोजन होते हैं। स्थानीय लोगों के साथ श्रीबांकेबिहारी के दर्शन को देश भर से आने वाले भक्तों को धार्मिक आयोजन के लिए एक उचित स्थान तैयार किया गया है। यहां कोई भी बडा आयोजन सहूलियत पूर्वक कराया जा सकेगा। वृंदावन की आवश्यकता को देखते हुए लक्ष्मण शहीद स्मारक सामुदायिक केंद्र का निर्माण कराया गया है। इसका निर्माण मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण द्वारा किया गया है।
एसबी सिंह, सीईओ
उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद