बरेली मथुरा नेशनल हाईवे का यमुना पर बनेगा खूबसूरत सिक्सलेन पुल, सांसद हेमा मालिनी ने किया निरीक्षण

मथुरा। मथुरा-बरेली नेशनल हाईवे का निर्माण एक साल में पूरा किया जाना है। इसमें यमुना पर खूबसूरत सिक्स लेन पुल भी शामिल है। इस हाईवे प्रोजेक्ट का निरीक्षण बुधवार को सांसद हेमा मालिनी ने किया।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा मथुरा बरेली राष्ट्रीय राजमार्ग 530 बी का निर्माण किया जा रहा है। निरीक्षण दौरान सांसद हेमामलिनी को परियोजना निदेशक संजय वर्मा ने अवगत कराया कि इस प्रोजेक्ट में यमुना पर निर्माणाधीन सेतु की लम्बाई 780 मीटर है । उक्त निर्माणाधीन यमुना सेतु छःलेन विशिष्टिीकरण का (तीन लेन का सेतु बायीं ओर एवं तीन लेन का सेतु दायीं ओर) है। सांसद द्वारा कार्य की प्रगति को देखकर कहा कि शीघ्र ही यमुना सेतु का निर्माण कार्य पूर्ण हो जाएगा।

इस दौरान बल्देव विधानसभा क्षेत्र के विधायक पूरन प्रकाश, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण परियोजना इकाई आगरा के परियोजना निदेशक संजय वर्मा, परियोजना के रियायतग्राही मैसर्स यमुना हाईवेज प्राईवेट लिमिटेड़ के प्रोजेक्ट मैनेजर अमित भाटिया, परियोजना के स्वतंत्र अभियन्ता मैसर्स एफपी इण्डिया के टीम लीडर रवि भूषण द्विवेदी एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे । सांसद ने विजिटर बुक में टिप्पड़ी भी अंकित की।
गौरतलब रहे कि मथुरा बरेली चार लेन परियोजना को मथुरा में मार्च 2025 तक पूर्ण किया जाना निर्धारित है । निरीक्षण के समय सांसद प्रतिनिधि जनार्दन, गोकुल चेयरमैन संजय दीक्षित, भानु प्रताप, महावन चेयरमैन, मंडल अध्यक्ष सुनीत दीक्षित, पंकज प्रकाश आदि मौजूद रहे।