यूपी : राज्यसभा चुनाव में मथुरा के तेजवीर सिंह सहित भाजपा के आठ प्रत्याशी जीते, सपा को दो सीट मिली

नई द‍िल्‍ली । राज्यसभा के ल‍िए उत्तर प्रदेश की 10 सीटों पर हुए चुनाव के पर‍िणाम सामने आ गए हैं। राज्‍यसभा चुनाव में यूपी से बीजेपी के सभी आठों प्रत्‍याशि‍यों ने जीत दर्ज की है। वहीं, दो सीटों पर सपा प्रत्याशी विजयी हुए हैं। । सपा विधायकों की क्रास वोटिंग से भाजपा के सभी आठ प्रत्याशी जीत गए हैं। समाजवादी पार्टी के तीसरे प्रत्याशी आलोक रंजन हार गए हैं। सपा के सात विधायकों ने क्रास वोटिंग करते हुए भाजपा के संजय सेठ को वोट दिया है। सपा के पक्ष में भी एनडीए के दो विधायकों के क्रास वोटिंग की बातें कहीं जा रही हैं। बसपा के एक मात्र विधायक ने भाजपा को वोट दिया। मतदान के तुरंत बाद मतगणना शुरू हुई लेकिन बीच में रोकनी भी पड़ी। सपा ने भाजपा के एक विधायक का वोट किसी और से डलवाने का आरोप लगाते हुए आपत्ति की। सुभासपा ने भी अपने विधायक का वोट रद कराने की मांग की। कहा कि बिना दिखाए ही वोट डाला है। दोनों मामलों को निबटाने के बाद दोबारा गिनती शुरू हुई और भाजपा के आठ और सपा के दो प्रत्याशियों को विजयी घोषित कर दिया गया।

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, “आज हमारे सभी आठों प्रत्याशी जीते हैं। मैं सभी को बधाई देता हूं और सपा के भी दो प्रत्याशी जीते हैं तो उन्हें भी मैं बधाई देता हूं।”

राज्‍यसभा चुनाव में किसे क‍ितने वोट म‍िले?
सुधांशु त्रिवेदी- 38 वोट

आरपीएन सिंह- 37

तेजवीर स‍िंह- 38 वोट

नवीन जैन- 38 वोट

रामजी लाल- 37 वोट

साधना सिंह- 38 वोट

संगीता बलवंत – 38 वोट

अमरपाल मौर्य- 38 वोट

आलोक रंजन- 19 वोट

जया बच्चन- 41 वोट