मथुरा के नए डीएम शैलेंद्र सिंह ने किए बिहारी जी के दर्शन

मथुरा। जनपद के नए जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह ने मंगलवार प्रातः श्री बिहारी जी के दर्शन कर मथुरा में अपनी नई पारी प्रारंभ की है। जिलाधिकारी बीती रात्रि मुरादाबाद से मथुरा आ गए थे। रिफाइनरी गेस्ट हाउस में उनका रात्रि प्रवास रहा। आज प्रातः सबसे पहले उन्होंने वृंदावन पहुंचकर जन-जन के आराध्य श्री बिहारी जी महाराज के दर्शन किए।

उन्होंने विधि विधान से पूजा अर्चना कर जनपद में शांति खुशहाली तरक्की की प्रार्थना की। दर्शन के पश्चात जिलाधिकारी ने मंदिर के निकास और प्रवेश द्वार का निरीक्षण किया। इस दौरान उनको मंदिर में मौजूद अधिकारियों ने बताया कि दर्शनों की वर्तमान में क्या व्यवस्था चल रही है। कंट्रोल रूम में भी पहुंच कर उन्होंने जानकारी ली।
मंदिर के रास्ते में आने जाने के दौरान बड़ी संख्या में लोग उनको पहचानते दिखाई दिए। दुकानदार क्षेत्रीय नागरिक राधे-राधे बोलकर उनका अभिवादन कर रहे थे। ज्ञात रहे की जिलाधिकारी मथुरा में 2005 से 2007 तक सिटी मजिस्ट्रेट रहे थे तभी से लोग उनकी कार्य शैली और व्यवहार के कायल है।
पूर्वान्ह 11 बजे करीब कलेक्ट्रेट पहुंच कर जिला अधिकारी अपना पदभार ग्रहण करेंगे।