समूचे देश में घरेलू गैस सिलेंडर 200 रु सस्ता, 75 लाख नए मुफ्त गैस कनेक्शन देंगे

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने महंगाई की मार झेल रही जनता को रक्षाबंधन और ओणम पर बड़ी राहत दी है। कैबिनेट में लिए गए निर्णय अनुसार घरेलू गैस एलपीजी की कीमतों में 200 रुपये तथा उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को 200 रुपये की अतिरिक्त सब्सिडी दी जाएगी। यानी उन्हें एक गैस सिलेंडर पर 400 रुपये की छूट मिलेगी। गैस सिलेंडर की कीमतों में सभी उपभोक्ताओं को 200 रुपये तक की सब्सिडी दी जाएगी। कैबिनेट की बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने इसका एलान किया।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उज्ज्वला योजना के तहत लोगों को गैस सिलेंडर पर अलग से 200 रुपये की सब्सिडी दी जाएगी। यानी उन्हें पहले से मिल रही 200 रुपये की सब्सिडी के अलावे अतिरिक्त 200 रुपये की सब्सिडी दी जाएगी। ऐसे में उन्हें कुल 400 रुपये की सब्सिडी का दोहरा लाभ मिलेगा। इससे पहले एक अगस्त को पेट्रोलियम कंपनियों ने व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 100 रुपये की कटौती की गई थी।
प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिए गए निर्णयों की जानकारी देते हुए कहा कि 75 लाख महिलाओं को मुफ्त गैस कनेक्शन भी दिया जाएगा। उन्हें पाइप और चूल्हा भी मुफ्त में दिए जाएंगे। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा घरेलू उपयोग के लिए एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में प्रत्येक उपयोगकर्ता के लिए प्रति सिलेंडर 200 रुपये की कमी की गई है। वहीं, ‘प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना’ के तहत 75 लाख नए गैस कनेक्शन दिए जाएंगे।