ग्रेटर नोएडा के गौर सिटी सोसाइटी में लगी भीषण आग, दमकल की कई गाड़ियां मौजूद

ग्रेटर नोएडा । ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना इलाके में बनी गौर सिटी सोसाइटी के 14 एवेन्यू में बुधवार को भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी ज्यादा थी कि एक फ्लोर से दूसरे फ्लोर तक पहुंच गई। आग की इस घटना से सोसाइटी के लोगों में दहशत और अफरातफरी का माहौल बन गया। मिली जानकारी के मुताबिक ग्रेटर नोएडा के गौर सिटी की 14 एवेन्यू सोसायटी में आग लग गई। दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच आग पर काबू पाने का प्रयास कर रही है।

मौके पर पहुंची लोकल पुलिस ने इस बात को सुनिश्चित किया कि किसी को भी आग से खतरा ना हो और प्राथमिक जांच पर पुलिस के मुताबिक यह आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगना बताया जा रहा है। लेकिन फिर भी पूरी तरह आग पर काबू पाने के बाद फायर ब्रिगेड और लोकल पुलिस इस मामले की जांच करेगी कि आखिर आग लगाने की वजह क्या है।

बताया जा रहा है कि सोसायटी के एल टावर के फ्लैट संख्या 2097 में आग लगी थी। जिस फ्लैट में आग लगी उसमें ताला लगा हुआ था। जिस वजह से आग पर काबू पाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। फ्लैट किसका है अभी तक इस बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है।