रेलवे चलाएगा 217 समर स्पेशल ट्रेनें, 4 हजार से ज्यादा फेरे लगाएंगी

नई दिल्ली, 11 अप्रैल (वेब वार्ता)। भारतीय रेलवे ने इस साल गर्मियों की छुट्टियों में यात्रियों की आसान आवाजाही सुलभ कराने के लिए 217 विशेष गाड़ियों के चार हजार से अधिक फेरे संचालित करने का फैसला किया है। रेल मंत्रालय ने आज यहां एक विज्ञप्ति से बताया कि इस साल ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान भारतीय रेलवे 217 विशेष गाड़ियां चलाएगी और इन गाड़ियों के 4010 फेरे लगाये जाएंगे। ये गाड़ियां देश भर में चलायी जाएंगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सर्वाधिक 1768 फेरे दक्षिण पश्चिम रेलवे के अंतर्गत लगाये जाएंगे। फिर पश्चिम रेलवे में 846 फेरे, दक्षिण मध्य रेलवे में 528 फेरे, उत्तर पश्चिम रेलवे 368 फेरे, पूर्व मध्य रेलवे 296 फेरे, मध्य रेलवे में सौ फेरे, दक्षिण रेलवे में 76 फेरे और पूर्व रेलवे में 28 फेरे लगाये जाएंगे।