इंदौर । मध्यप्रदेश के इंदौर से स्वतंत्रता दिवस के दिन बड़े हादसे की खबर सामने आई है। यहां महू के बेरछा में बम विस्फोट हो गया। । जानकारी के मुताबिक, घटना में दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि 15 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। बता दें कि घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। मौके पर तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मिली जानकारी के अनुसार, बडगोंड थाना क्षेत्र के बेरछा गांव में किसी बात को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। जिसके बाद दोनों पक्ष आमने सामने आ गए। उसी दौरान एक युवक मौके पर बम लेकर पहुंच गया। बताया गया है कि वहां 15 अगस्त की तैयारियां की जा रही थी। इस दौरान ग्रामीणों की भीड़ भी इक्ट्ठा थी। बताया गया है कि युवक भीड़ के बीच पहुंचा और उसने वहीं बम फोड़ दिया।
मामले की जांच के दौरान मौके पर पहुंचे इंदौर के एसएसपी शशिकांत कांकाने ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि यह घटना दो गुटों के आपसी विवाद के दौरान हुई है। उनमें से एक समूह से किसी बच्चे ने विस्फोटक सामग्री फेंकी और एक विस्फोट हो गया। जिसमें एक युवक की मौत हो गई और दर्जनभर लोग घायल हो गए। हालांकि मीडिया में दो लोगों के मारे जाने की खबर है।