मथुरा की सड़को के लिए अलग से बजट की व्यवस्था की जाये: राजेश चौधरी
मथुरा। प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा है कि कर्मयोगी योगीराज प्रभु श्रीकृष्ण की नगरी को विश्व स्तरीय बनाने के लिये कोई कोर कसर नहीं रखी जायेगी। मथुरा नगरी से केंद्र और राज्य सरकार का विशेष आत्म लगाव है। आने वाले समय में जनपद की सड़कों का युद्ध स्तर पर निर्माण कराया जायेगा, धन की कोई कमी नहीं आने दी जायेगी। उन्होंने कहा कि मैं मथुरा के लिये थोड़ा बहुत ही कार्य करूंगा तो वह मेरे लिये परम सौभाग्य पुण्य की बात होगी।
सिविल लाइंस क्षेत्र स्थित लोक निर्माण विभाग के डाक बंगले के परिसर में आयोजित लोकापर्ण समारोह में लोनिवि मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि मथुरा भूमि के उत्थान, यहां के लोगों की सुविधा के लिये प्रदेश सरकार विश्व स्तरीय व्यवस्थाएं बनाने के लिये बचनवद्ध है। उन्होंने समारेाह में कहा कि पिछले 5 साल के योगी सरकार के कार्यकाल में जो बीज यहां रोपे गये थे उनके फल अब यहां विकास कार्यों के रूप में आने वाले समय में दिखाई देंगे।
लोनिवि मंत्री ने कहा कि 24 करोड जनता ने एक ही दल की योगी सरकार को पुनः सत्तारूढ़ करके इतिहास रचा है। आज कानून व्यवस्था से लेकर विकास कार्यों की यहां पटकथा पूरे देश में पडी जाती है जितने एक्सप्रेस-वे यूपी में है या बन रहे है उतने पूरे देश में नही है। विकास की गंगा एक्सप्रेस-वे से होती हुई सभी शहर गांव तक पहुंचेगी।
समारोह में मंत्री ने बताया कि मथुरा जिला में करीब 100 करोड रूपये की लागत से सड़क और ओवर ब्रिज का लोकार्पण हुआ है, प्रत्येक सडक और निर्माणाधीन पुल के कार्यों की समीक्षा होगी। उन्होंने आज 4 सड़क और एक पुल का लोकार्पण किया। मंत्री ने कहा कि जनपद के चारों विधायकों द्वारा मेरे समक्ष मजबूती से जो प्रस्ताव मांग रखे गये है उन सभी पर कार्य प्रारंभ कराया जायेगा।
विधायक मांट राजेश चौधरी ने लोनिवि मंत्री से अपेक्षा करते हुए कहा कि मथुरा में देश ही नहीं वरन पूरी दुनिया से लोग आते है, इसलिए यहां साफ-सफाई, बिजली पेयजल की विशेष सुविधा के अलीावा सड़कें विश्व स्तरीय बननी चाहिए। इसके लिये अलग से बजट की व्यवस्था की जाये।
समारोह को भाजपा जिलाध्यक्ष मधु शर्मा, विधायक पूरन प्रकाश, ठा. मेघश्याम सिंह, एमएलसी ठा. ओमप्रकाश सिंह, दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री रविकांत गर्ग, मेयर मुकेश आर्य बंधु आदि ने सम्बोधित किया।
मंच पर स्थान न मिलने पर विधायक हुए खफा
प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद द्वारा बुधवार को 5 बड़ी विकास योजनाओं का लोकार्पण समारोह के दौरान मंच पर समुचित स्थान न मिल पाने के कारण एक विधायक नाराज होकर मंच से उतरकर चल दिये। उनके साथ ही अन्य विधायक भी कार्यक्रम का बहिष्कार कर चल दिए जिन्हे भाजपा नेताओं और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने बमुश्किल हाथ पैर जोड़कर मनाया तब जाकर वह सभी पुनः मंच पर आसीन हुए। इसी के बाद कार्यक्रम की कार्रवाई आरंभ हुई। इस दौरान भी विधायक पूरन प्रकाश और मेघ श्याम सिंह मंच संचालक पर टिप्पणियां करते रहे। बाद में संचालन सहायक अभियंता बृजेश चंद्र मिश्र ने संभाला तब जाकर कार्यक्रम की कार्यवाही सुचारू हो सकी। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष मधु शर्मा, महापौर मुकेश आर्यबंधु, लोक निर्माण विभाग के आला अधिकारियों सहित कर्मचारी और भाजपा नेता मौके पर मौजूद रहे