एएसआई को नहीं दिया गया है कुतुब मीनार में खुदाई करने का आदेश, केंद्रीय मंत्री ने दी सफाई

नई दिल्ली । काशी की ज्ञानवापी मस्जिद में पाए गए ‘शिवलिंग’ के बीच मीडिया के एक हिस्से में कुछ ऐसी रिपोर्ट्स आई थीं कि केंद्र ने एएसआई को दिल्ली में स्थित कुतुब मीनार में खुदाई करने का आदेश दिया है। लेकिन, रविवार को केंद्रीय संस्कृति मंत्री जीके रेड्डी ने इन रिपोर्ट्स को खारिज करते हुए पूरी तरह बेबुनियाद बताया । हिन्दू संगठनों का कहना है कि परिसर में अनेक मूर्तियां विभिन्न स्थानों पर रखी हुई हैं। बीते दिनों हिन्दू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने इस परिसर के पास हनुमान चालीसा पाठ करके कुतुब मीनार का नाम बदलकर ‘विष्णु स्तंभ’ रखने की मांग की थी।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ऐसा दावा किया जा रहा है कि संस्कृति मंत्रालय द्वारा कुतुब मीनार परिसर में खुदाई कराई जाएगी, ताकि कुतुब मीनार में मूर्तियों की आइकोनोग्राफी कराई जा सके। दावा है कि संस्कृति विभाग ने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग (ASI) को इसके लिए निर्देश जारी कर दिए हैं।

हालांकि, जब इस दावे की हकीकत जानने की कोशिश की गई तो यह पूरी तरह से झूठा और बेबुनियाद निकला। इस बारे में अभी तक भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग (ASI) को खुदाई और अध्ययन के संबंध में संस्कृति मंत्रालय से कोई औपचारिक निर्देश लिखित रूप में प्राप्त नहीं हुआ है।