मथुरा में नारी निकेतन के निरीक्षण में सब कुछ दुरुस्त मिला

मथुरा। मंगलवार को मथुरा के नारी निकेतन राजकीय महिला शरणालय का निरीक्षण किया गया। इस दौरान वहां निरुद्ध 15 महिलाओं की कोरोना जांच कराई गई जिसमे सभी की रिपोर्ट सही पाई गई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सुश्री सोनिका वर्मा ने सभी सवासिनियों से एक-एक करके बातचीत की। सभी ने व्यवस्थाओं पर संतोष जताया।
जनपद न्यायाधीश / अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण राजीव भारती के निर्देश पर आज मंगलवार को सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सुश्री सोनिका वर्मा द्वारा राजकीय महिला शरणालय का निरीक्षण किया गया। इस दौरान विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया।
राजकीय महिला शरणालय की अधीक्षिका श्रीमती रितु शरण श्रीवास्तव द्वारा बताया गया कि वर्तमान में राजकीय महिला शरणालय में 15 संवासिनियां निवासरत है। एक संवासिनी के साथ उसका बच्चा भी है। 22 अप्रैल को सभी सवासिनियों की कोरोना जाँच कराई गई थी। वर्तमान में कोई संवासिनी कोरोना पॉजिटिव नहीं है। समय समय पर चिकित्सकों द्वारा सवासिनियों का चिकित्सीय परीक्षण किया जाता है । निरीक्षण दौरान संवासिनियों की सुरक्षा हेतु महिला पुलिशकर्मी भी मिलीं।
निरीक्षण में अधीक्षिका द्वारा बताया गया कि आज प्रातः संवासिनियों को नाश्ते में अजवाइन की पूड़ी, अचार, चाय व खरबूजा दिया गया था। दोपहर के भोजन में अरहर की दाल, चावल, रोटी, लॉकी आलू की सब्जी, सलाद तथा रात्रि के भोजन में शिमला मिर्च, आलू की सब्जी, रोटी की व्यवस्था की गई है।

सचिव सुश्री सोनिका वर्मा द्वारा कोरोना को दृष्टिगत रखते हुए संस्था में निरुद्ध संवासिनियों को बताया गया कि इस महामारी के दौर में उच्च न्यायालय तथा केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन का पालन करना हम सभी का कर्तव्य है। संवासिनियों के हित के लिए मास्क व सैनेटाइजर का उपयोग व सोशल डिस्टेसिंग का पालन करना तथा सभी का समय-समय पर हाथ धोते रहना अति आवश्यक है। संस्था की साफ-सफाई उचित प्रकार से नियमित की जाये।