मथुरा – वृंदावन के बीच 13 किमी लंबी रेलवे लाइन पर 850 करोड़ रु से होंगे विकास कार्य

नई दिल्ली। मथुरा वृंदावन के बीच स्थित 13 किलोमीटर लंबी रेलवे लाइन पर संपूर्ण विकास कराने के लिए 850 करोड रुपए की लागत की योजना पर रेल मंत्री ने सैद्धांतिक सहमति प्रदान कर दी है। इस योजना के लागू होने से मथुरा वृंदावन में पर्यटन उद्योग को पंख लग जाएंगे।
बुधवार सांय केंद्रीय रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव से दिल्ली में सांसद हेमा मालिनी और उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष
शैलजा कांत मिश्रा ने भेंट की। सांसद ने रेल मंत्री को मथुरा – वृंदावन के बीच 13 किलोमीटर के रेल मार्ग पर लगभग 850 करोड़ रु की लागत से दो लेन सड़क मार्ग, लाइट रेल मार्ग और विश्वस्तरीय वृंदावन रेलवे स्टेशन और जनसुविधा बनाने के लिए प्रस्ताव दिया जिस पर रेल मंत्री ने सहमति देते हुए तत्काल कार्य आरम्भ करने हेतु रेल अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।

रेल मंत्री से भेंट के उपरांत सांसद हेमा मालिनी और शैलजा कांत मिश्रा ने राष्ट्रीय राजमार्ग एवं परिवहन मंत्री भारत सरकार नितिन गडकरी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने ब्रज चौरासी कोस यात्रा के संबंध में चर्चा की।