भगवा रंग से रंगी कान्हा की नगरी में और भी गहरी हुई भाजपा की जड़ें
मथुरा, (राजपथ मथुरा ब्यूरो)। भगवा रंग में रंगी कान्हा की नगरी में यह रंग और भी गहरा हो गया है। मथुरा जिले में ठा. ओमप्रकाश सिंह के समर्थको ने मिष्ठान वितरण कर खुशी का इजहार किया। युवा भाजपाईयों का जोश देखते ही बन रहा था। होली के पश्चात आज एक बार फिर यहां होली मनाई गयी। जैंत निवासी एलएलसी ठा. ओमप्रकाश सिंह को मिलाकर भाजपा के विधायकों की संख्या 6 हो गयी है। आज जब विधान परिषद क्षेत्र की सीट के लिए एटा के निर्वाचन अधिकारी/ जिलाधिकारी अंकित कुमार अग्रवाल ने भाजपा प्रत्याशी ठा. ओम प्रकाश सिंह और आशीष उर्फ आशू यादव के निर्विरोध रूप से निर्वाचित होने की जैसे ही घोषणा की तो भगवा खेमें में हर्ष की लहर दौड़ गई। जनपद एटा के साथ ही प्रदेश भर के भाजपाईयों ने आतिशबाजी कर इस जीत की खुशी से आसमान को भी भलिभांति अवगत करा दिया।
नवनिर्वाचित विधायक ठा. ओमप्रकाश सिंह के गांव जैंत के साथ ही समूचे जनपद में उनकी जीत की खुशियां मनाने का दौर चल पड़ा है। जगह-जगह नव निर्वाचित विधायक के स्वागत की तैयारी चल रही है। इस क्रम आज सांय यमुना पार स्थित लक्ष्मी नगर में भाजपाईयों द्वारा ठा. ओम प्रकाश के स्वागत में कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। सोशल मीडिया पर पार्टी कार्यकर्ताओ ने ठा. ओमप्रकाश सिंह की पोस्ट की भरमार कर दी है। लोग पूर्व में उनके साथ के चित्र पोस्ट कर अपने को उनका खास बताने का भी एहसास करा रहे है।