पहले चरण की वोटिंग खत्म, मथुरा में 62.90 प्रतिशत मतदान

मथुरा । उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए यूपी के 11 जिलों के 58 सीटों पर मतदान खत्म हो चुका है। पहले चरण में कुल 623 उम्मीदवार मैदान में हैं । सभी सीटों पर सुबह 7 बजे से मतदान शुरू होकर शाम 6 बजे खत्म हुआ ।

चुनाव आयोग ने कहा, “पहले चरण में शाम 6 बजे तक मथुरा में 62.90 प्रतिशत मतदान हुआ है।”

हालांकि चुनाव आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि ये अनुमानित आंकड़े हैं, क्योंकि कुछ मतदान केंद्रों के डेटा को शामिल करने में समय लग सकता है।

ईसीआई के अनुसार मथुरा जनपद में 62.90 प्रतिशत मतदान हुआ है। छाता विधान सभा में 64.55 मांट विधानसभा में 65.10 गोवर्धन विधानसभा में 66.75 मथुरा विधानसभा में 57.33 बलदेव विधानसभा में 62.66 प्रतिशत मतदान हुआ है।

वही मथुरा- वृंदावन में सबसे कम रहा मतदान। गोवर्धन में सबसे ज्यादा।

उत्तर प्रदेश विधानसभा की कुल 403 सीटों में से सात चरणों में होने वाले चुनाव के पहले चरण की 58 सीटों पर गुरुवार को मतदान हुआ । इस चरण में कुल 634 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 73 महिलाएं हैं। 11 जिलों के 10,853 पोलिंग स्टेशन के 26,027 मतदान केंद्रों पर 2.28 करोड़ मतदाता (1.04 करोड़ महिलाओं सहित) है ।