मथुरा। थाना हाईवे क्षेत्र में भरतपुर पुल के समीप टमाटर से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे के कारण हाईवे पर लंबा जाम लग गया। पूरी सड़क पर टमाटर फैल गए। हादसे से 6 लाख रु की हानि हुई है।
सोमवार को महाराष्ट्र से मुजफ्फरनगर जा रहा टमाटर से भरा ट्रक नारहौली पुल के पास हाईवे पर पलट गया। ट्रक में लदे टमाटर सड़क पर फैल गए। इसके कारण हाईवे पर जाम लग गया। वाहनों की लंबी लंबी कतारें लग गईं। जाम की सूचना पर थाना पुलिस पहुंच गई।
पुलिस ने पलटे ट्रक को हटवाकर जाम को खत्म करवाया। इसके बावजूद दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन दोपहर तक रेंग रेंगकर चले। प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार ने बताया कि ट्रक पलटने से परिचालक को चोट आई है। इसमें करीब छह लाख रुपये का टमाटर लदा था, जो महाराष्ट्र से मुजफ्फरनगर जा रहा था।