वृन्दावन। धार्मिक संस्कृति से छेड़छाड़ व हजारो वर्ष पूर्व बनाए गए नियमों की अवहेलना कर परमपिता परमेश्वर के रासलीला निधिवन की वीडियो बनाकर यूट्यूब पर अपलोड करने के मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया जबकि इस कृत्य में शामिल अन्य साथियों की पुलिस तलाश कर रही है।
बताया जाता है कि 9 नवंबर को यू-ट्यूब पर गौरव जोन चैनल पर एक वीडियो चला जो वृंदावन के निधिवन से संबंधित था। वीडियो रात्रि का था। लोगों ने जब यह वीडियो देखा तो लोग हैरान रह गए कि आखिर यह लोग वहां कैसे पहुंच गए क्योंकि मान्यता है कि संध्या आरती के पश्चात निधिवन को पूर्ण रूप से बंद कर दिया जाता है दरवाजों पर ताला लगा दिए जाते हैं। किसी को अंदर जाने की अनुमति नहीं है। यहां तक कि निधिवन के बाहर बने मकानों की खिड़कियां दरवाजे भी रात्रि में वहां के निवासी बंद कर देते हैं। ऐसी हालत में गौरव जोन यू टयूब चैनल के लोग वहां कैसे पहुंचे ।
इस संबंध में निधिवन राज मंदिर के सेवायत रोहित कृष्णा पुत्र भीकम चंद गोस्वामी ने कोतवाली वृदांवन में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। जिस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने रविवार को गौरव जोन के एडमिन गौरव शर्मा पुत्र मुकेश शर्मा निवासी अनवरपुर थाना इगलास अलीगढ़ हाल निवासी पंचशील बिहार थाना मालवीय नगर दिल्ली को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार गौरव शर्मा ने बताया कि वह 5 साल से यू ट्यूब पर वीडियो अपलोड कर रहा है इससे उसकी 50 से 60 हजार रुपए प्रतिमाह कमाई जाती है । 6 नवंबर को लाजपत नगर महोली रोड मथुरा निवासी चाचा राजकुमार के घर आया था पर चाचा के लड़के प्रशांत उर्फ छोटू व दोस्त मोहित, अभिषेक ने बताया कि वृंदावन के निधिवन में रात्रि को कोई नहीं जा सकता। यह जानकर हमने सोचा कि हम रात्रि में जाकर वह वीडियो बनाएंगे और यूट्यूब पर डालगें। रात्रि को वृंदावन हम लोग पहुंच गए और दीवार फांद कर निधिवन में प्रवेश कर गए और वीडियो बनाकर वापस आ गए। वीडियो को यूट्यूब पर लोड कर दिया जैसे ही पता चला कि इस पर एफआईआर हो चुकी है तो डिलीट कर दिया।