मथुरा। थाना छाता क्षेत्र में हाईवे पर शनिवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। ट्रक लूटने में नाकाम होने पर बाइक सवार बदमाशों ने चेकिंग कर रही पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया उसे पकड़ लिया गया जबकि फरार तीन बदमाशों की तलाश में पुलिस जुटी है। मुठभेड़ के दौरान पकड़े गए बदमाश ने मुंह से सिपाही की अंगुली काट ली और भाग खड़ा हुआ था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना छाता क्षेत्र में हाईवे पर शनिवार देर रात ट्रक लूट करने आए अपाचे सवार चार बदमाशों की छाता तहसील के पास चेकिंग कर रहे दरोगा योगेश नागर और सिपाही प्रीत कुमार से भिड़ंत हो गई। एक बदमाश को सिपाही ने पकड़ लिया तो उसने उंगली काट ली और भाग खड़ा हुआ। भागते हुए बदमाशों ने पीछा कर रही पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। हमला करने के बाद फरार बदमाशों की तलाश में पुलिस ने कॉम्बिंग शुरू कर दी। देर रात हुए हमले के बाद रविवार की सुबह पुलिस को एक बदमाश पलवल हरियाणा निवासी साकिर पुत्र कम्मू तहसील परिसर में अधिवक्ताओं के चैंबर के पास छुपा मिला। शाकिर ने पुलिस को देखते ही फिर फायर किया। जिसके बाद पुलिस ने भी फायरिंग की और एक गोली उसके पैर में लग गयी और वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे केडी अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस तीन बदमाशों की तलाश कर रही है।
ग्रामीण एसपी श्रीशचंद ने बताया कि जल्द ही बदमाश पकड़े जाएंगे। फरार बदमाशों की पहचान हो गई है।