मथुरा में मेयर पर रिश्वत का आरोप लगाने वाले मामले में नगर निगम ने की दुकान सील

मथुरा। मथुरा वृंदावन नगर निगम के मेयर डा मुकेश आर्य बंधु पर होलीगेट के समीप आर्य समाज रोड स्थित पालिका मार्केट की एक दुकान में कथित नाम बदलने को लेकर रिश्वत मांगने के आरोप के मामले में आज एक नया मोड़ आ गया है। निगम की टीम ने वैध जी ज्वेलर्स के नाम से दुकान नंबर 8 को सील कर दिया है।

दुकान पर सील लगाने के दौरान खड़े हैं सहायक नगर आयुक्त राजकुमार मित्तल मुख्य कर निर्धारण अधिकारी शिव कुमार गौतम कर अधीक्षक उम्मेद सिंह तथा जांच समिति के सदस्य पार्षद तिलकवीर चौधरी, रश्मि शर्मा ।

निगम द्वारा दुकान पर लगाए गए सील लेटर में कहा गया है कि दुकान संख्या 8 के भाग पर कुछ व्यक्तियों द्वारा निर्माण करने का प्रयास किया गया है जबकि इस मामले में नगर निगम की कार्यकारिणी द्वारा गठित समिति द्वारा जांच की जा रही है । इस दुकान को 18 जुलाई 2017 को अवैध निर्माण के कारण सील किया गया था जब से यह दुकान लगातार बंद है। नगर निगम संपत्ति की सुरक्षा के दृष्टिगत दुकान संख्या 8 का कोई भी व्यक्ति ताला खोलेगा तोड़ेगा और दुकान के स्वरूप में किसी भी परिवर्तन का प्रयास करेगा तो वह गैरकानूनी माना जाएगा और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आज 28 सितंबर को जारी इस आदेश में सहायक नगर आयुक्त राजकुमार मित्तल कर निर्धारण अधिकारी एसके गौतम कर अधीक्षक उम्मेद सिंह के अलावा जांच समिति के सदस्य पार्षद तिलकवीर चौधरी और श्रीमती रश्मि शर्मा के हस्ताक्षर हैं। बताते है इस दुकान पर मालिकाना हक़ वैध जी ज्वेलर्स दुवारा जताया जाता है और इसी के समीप लख्मी चन्द पाल की कृष्णा टेलर्स के नाम से दुकान है।

ज्ञात रहे कि बीती 15 सितम्बर को नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक के दौरान लख्मी चन्द पाल ने अपने परिवार के साथ बैठक में मौजूद मेयर डा. मुकेश आर्य बन्धु पर बीस लाख रू. की रिश्वत मांगने का आरोप की झडी लगा दी थी । उस मामले में जांच चल रही है।

इस मामले में मुख्य कर निर्धारण अधिकारी एस के गौतम का कहना है कि अभी तक दुकान नंबर 8 का मालिकना हक़ निगम के पास है।