मथुरा-वृन्दावन क्षेत्र में अब कोई भी सरकारी विभाग बिना नगर निगम की अनुमति के नही कर सकेगा सड़क की खुदाई

सड़क बनते ही कटिंग को रोकने के लिए उठाया कदम : अनुनय

मथुरा। मथुरा-वृन्दावन शहरी क्षेत्र में अब कोई भी सरकारी विभाग बिना नगर निगम की अनुमति के सड़क, पाइप लाइन कटिंग, निर्माण कार्य आदि नही कर सकेगा। इसके लिए नगर आयुक्त अनुनय झा की ने आदेश करते हुए कहा कि सभी विभागों में आपसी समन्वय होना जरूरी है। इसको लकर लोक निर्माण, विद्युत, जल निगम, एमवीडीए को लिखित में पत्र भेजा जा रहा है। बिना समन्वय के सड़क खुदाई, कटिंग, निर्माण से सार्वजनिक सम्पत्ति और राजस्व की भारी क्षति होती है। आम नागरिकों को भी आये दिन परेशानी का सामना करना पडता है।

वर्तमान में नगर निगम क्षेत्रार्न्तगत विभिन्न विभागों की कई परियोजनायें संचालित हैं इन परियोजनाओं में सडक खुदाई, सडक निर्माण, रोड कटिंग आदि कार्य कराये जाते हैं। विभागों में आपसी समन्वय न होने के कारण सम्पत्ति एवं राजस्व की क्षति हो रही है। सार्वजनिक सम्पत्ति एवं राजस्व की क्षति रोकने के दृष्टिगत नगर आयुक्त अनुनय झा की अध्यक्षता में समन्वय बैठक कैंप कार्यालय पर आहूत की गयी जिसमें ये निर्णय लिया गया।

बैठक में नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि नगर निगम लोक निर्माण,जलनिगम विद्युत एवं मथुरा-वृन्दावन विकास प्राधिकरण के अभियंत्रण विभाग के समस्त अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित करेंगे उसके उपरांत ही नगर निगम क्षेत्रार्न्तगत किसी भी प्रकार का कार्य किया जायेगा । उक्त समन्वय में किसी भी प्रकार का विलम्ब न हो इस हेतु समस्त कार्यदायी संस्थाओं को व्हाट्सएप गु्रप के माध्यम से जोड़ा जायेगा जिससे कार्यदायी विभाग कार्य प्रारम्भ कराने से सूचना ग्रुप में देंगे ताकि अन्य विभाग में इसकी सूचना रहे। इसके साथ ही प्रतिमाह नगर आयुक्त की अध्यक्षता में बैठक भी आहूत की जायेगी जिसमें नगर निगम क्षेत्रार्न्तगत निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित परियेजनाओं के सम्बन्ध में समीक्षा की जायेगी।

इसके अतिरिक्त नगर आयुक्त द्वारा समस्त अधिकारियों को आदेशित किया गया कि नगर निगम क्षेत्रार्न्तगत समस्त निर्माणाधीन परियोजनाओं के कार्य 25 अक्टूबर 2021 तक आगामी दीपावली पर्व से पूर्व सम्पन्न करा लियें जायें जो कार्य दीपावली से पूर्व पूर्ण नहीं कराये जा सकतें है ऐसे समस्त कार्यों को 25 अक्टूबर से 06 नवम्बर तक (दीपावली पर्व तक ) रोककर आवागमन हेतु मार्ग सुचारू कर दिये जायें जिससे दीपावली पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।

बैठक में मुख्य अभियंता नगर निगम जितेन्द्र केन अधिशासी अभियंता एस.पी. मिश्र महाप्रबन्धक जल विजय नारायण सहायक अभियंता नन्दकिशोर विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता ए.पी. शुक्ला अधिशासी अभियंता विद्युत राजीव कालरा सचिन गुप्ता मनीष गुप्ता जलनिगम से सहायक अभियंता के.पी. सिंह ललित मोहन अरूण कुमार लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता ए.के. जैन अवर अभियंता संजय कुमार आदि उपस्थित रहे।