मथुरा। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मथुरा की जनता को बड़ा तोहफा देते हुए शहरी क्षेत्र के 22 वार्ड तीर्थ स्थल के रूप में घोषित किए है। ये क्षेत्र श्रीकृष्ण जन्म स्थान से 10 किमी की परिधि में आते है। अब इन क्षेत्रों में मांस-मदिरा की बिक्री प्रतिबंधित हो जायेगी। मुख्यमंत्री द्वारा की गई इस घोषणा से ब्रज वासियों में खुशी की लहर दौड़ गई है। लोगों का कहना है कि समूचे मथुरा नगर को तीर्थ स्थल घोषित किया जाना चाहिए इससे बाहर से आने वाले तीर्थयात्री और पर्यटकों पर अच्छा असर पड़ेगा।
मथुरा में मांस और मदिरा पर सरकार ने पाबंदी लगा दी है। ब्रज क्षेत्र में हर साल आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की आस्था के सम्मान में योगी सरकार ने यह फैसला लिया है। मुख्यमंत्री कार्यालय के ट्विटर हैंडिल से शुक्रवार को ट्वीट कर इसकी जानकारी दी गई।
ज्ञात रहे कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मथुरा आए थे। उन्होंने श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर ठाकुरजी के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने संतों की इच्छा के अनुरूप मथुरा में मांस और मदिरा की बिक्री पर रोक लगाने का एलान किया था। उन्होंने कहा था कि इससे प्रभावित लोग दुग्ध का व्यवसाय शुरू कर सकते हैं।

नगर आयुक्त अनुनय झा के अनुसार शहर के वार्ड सं. 59 घाटी बहालराय, वार्ड सं. 50 गोविंद नगर, वार्ड सं. 56 मंडीरामदास, वार्ड सं. 68 चौबियापाड़ा, वार्ड सं. 45 द्वारिकापुरी, वार्ड सं. 28 नवनीत नगर, वार्ड सं. 30 बनखण्डी, वार्ड सं. 4 भरतपुरगेट, वार्ड सं. 20 अर्जुनपुरा, वार्ड सं. 64 हनुमान टीला, वार्ड सं. 62 जगन्नाथपुरी, वार्ड सं. 54 गऊघाट, वार्ड सं. 38 मनोहरपुरा, वार्ड सं., 27 बैरागपुरा, वार्ड सं. 34 राधानगर, वार्ड सं. 18 वद्रीनगर, वार्ड सं. 31 महाविद्या कॉलौनी, वार्ड सं. 32 कृष्णानगर द्वितीय, वार्ड सं. 57 कोयलागली, वार्ड सं. 47 डैम्पीयर नगर और वार्ड सं. 33 जयसिंहपुरा शामिल है।
सूत्रों का कहना है कि इन 22 वार्डों के तीर्थ स्थल घोषित होने के बाद मांस-मदिरा प्रमियों को अपना शौक पूरा करने के लिए अन्य वार्डों में जाकर खरीददारी करनी होगी। यही नही क्षेत्र की देशी शराब, विदेशी शराब, वीयर के अलावा भांग की दुकानों को बंद कर दिया जायेगा।