दामाद पर लगा हत्या का आरोप, शादी में खून बहाने की पहले दी थी धमकी; फरार आरोपी की तलाश में जुटीं पुलिस की टीमें
मथुरा। गोवर्धन थाना क्षेत्र के डीग रोड स्थित नई सब्जी मंडी इलाके में शुक्रवार रात एक शादी समारोह उस समय चीख-पुकार और मातम में बदल गया, जब दूल्हे के 62 वर्षीय पिता की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। जिस घर में कुछ देर पहले तक शहनाइयां गूंज रही थीं और बरात के स्वागत की तैयारियां चल रही थीं, वहां अचानक खून से लथपथ शव मिलने से कोहराम मच गया। सनसनीखेज वारदात का आरोप मृतक के छोटे दामाद पर लगाया गया है। बताया जा रहा है कि पारिवारिक विवाद के चलते आरोपी को शादी में आमंत्रित नहीं किया गया था और उसने पहले ही शादी वाले दिन खून बहाने की धमकी दी थी। घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी श्लोक कुमार समेत जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से जानकारी जुटाई।
जानकारी के अनुसार, गोवर्धन के डीग रोड स्थित नई सब्जी मंडी निवासी संतोष की बेटी भावना का विवाह अलीगढ़ जिले के इगलास क्षेत्र के गांव बसई निवासी ओमप्रकाश के बेटे अरविंद के साथ तय हुआ था। शुक्रवार को संतोष के घर के समीप स्थित एक खाली प्लॉट में शादी समारोह आयोजित किया गया था। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बरात धूमधाम से पहुंची और दरवाजे पर बरातियों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। रात करीब 11 बजे बराती और घराती शादी की दावत में व्यस्त थे। इसी दौरान किसी ने जनमासे के समीप ओमप्रकाश की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी।
इस हत्याकांड में मृतक के छोटे दामाद सुखवीर पुत्र बालजीत निवासी खेराबाद, जिला अलीगढ़ का नाम सामने आया है। परिजनों के मुताबिक, ओमप्रकाश और सुखवीर के बीच किसी पारिवारिक बात को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी अनबन के चलते साले अरविंद की शादी में सुखवीर को नहीं बुलाया गया था। आरोप है कि शादी में आमंत्रित न किए जाने से नाराज सुखवीर ने पहले ही परिवार के लोगों को धमकी दी थी कि शादी वाले दिन उनके घर में खून बहेगा। परिजनों को आशंका है कि इसी रंजिश के चलते आरोपी चोरी-छिपे गोवर्धन पहुंचा और मौका पाकर अपने ससुर की हत्या कर दी।
वारदात के बाद ओमप्रकाश का शव जनमासे के समीप खाली प्लॉट में जंगल-झाड़ियों के बीच पड़ा मिला। काफी देर तक जब ओमप्रकाश दिखाई नहीं दिए तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। झाड़ियों में खून से लथपथ शव देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। कुछ ही देर पहले तक विवाह की खुशियों में डूबा परिवार अचानक गहरे सदमे में आ गया और समारोह स्थल पर अफरा-तफरी फैल गई।
मृतक के बेटे ने पुलिस को बताया कि जब वे लोग अलीगढ़ से बस में सवार होकर बरात लेकर गोवर्धन आ रहे थे, तब रास्ते में उसने अपने जीजा सुखवीर को देखा था। इस जानकारी के बाद परिजनों ने हत्या में उसी के शामिल होने का संदेह जताया। घटना की सूचना पर गोवर्धन थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बाद में एसएसपी श्लोक कुमार, एसपी देहात और सीओ गोवर्धन ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों से पूछताछ की।
एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि थाना गोवर्धन क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान दूल्हे के पिता के मृत अवस्था में मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो शादी समारोह स्थल और जनमासे के बीच खेत से होकर रास्ता जाता मिला। इसी खेत के समीप स्थित खाली प्लॉट में शव पड़ा हुआ था। मृतक के गले पर धारदार हथियार से चोट के निशान मिले हैं। परिजनों ने मृतक के दामाद पर शादी के दिन खून बहाने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए उसके खिलाफ आशंका जाहिर की है। परिजनों की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपी के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें रवाना कर दी गई हैं। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
रातभर पसरा रहा मातम, सुबह दूल्हा-दुल्हन ने लिए सात फेरे
शादी समारोह में दूल्हे के पिता की हत्या से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, लेकिन परिजनों ने इस गम के बीच विवाह की रस्में पूरी कराने का फैसला किया। शुक्रवार रात हुई सनसनीखेज वारदात के बाद शनिवार सुबह दूल्हा अरविंद और दुल्हन भावना ने सात फेरे लेकर एक-दूसरे को जीवनसाथी बनाया।
एक ओर परिवार के मुखिया 62 वर्षीय ओमप्रकाश की हत्या से घर में मातम पसरा था, वहीं दूसरी ओर बेटी की शादी की रस्में अधूरी थीं। ऐसे कठिन हालात में परिजनों ने हिम्मत जुटाई और शनिवार सुबह विवाह की परंपराएं पूरी कराईं। रातभर जिस समारोह स्थल पर हत्या की घटना को लेकर चीख-पुकार मची रही, वहीं सुबह दूल्हा-दुल्हन ने सात फेरों के साथ नए जीवन की शुरुआत की। विवाह के बाद दुल्हन के पिता ने नम आंखों से बेटी को विदा किया। खुशी और गम के इस असहनीय संगम ने समारोह में मौजूद हर व्यक्ति को भावुक कर दिया।