नहरों की बदहाली देख भड़के मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, औचक निरीक्षण से सिंचाई विभाग में मचा हड़कंप

परखम में भाजपा की चिंतन बैठक में शामिल होने से पहले नहरों की सफाई और पानी छोड़ने की तैयारियों का लिया जायजा, खामियां मिलने पर अधिकारियों को लगाई फटकार

मथुरा। आगामी फसलों की बुवाई से पहले नहरों और माइनरों की सफाई तथा उनमें पानी छोड़ने की तैयारियों में लापरवाही सामने आने पर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का पारा चढ़ गया। सोमवार को मथुरा के परखम में भाजपा की दो दिवसीय चिंतन बैठक में शामिल होने से पहले मंत्री ने सिंचाई विभाग के कार्यों का औचक निरीक्षण किया। उनके अचानक पहुंचने से विभागीय अधिकारियों में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान नहरों की सफाई और व्यवस्थाओं में खामियां मिलने पर उन्होंने अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताई और कार्यों में लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
जानकारी के अनुसार आगामी फसलों की बुवाई को देखते हुए शासन की ओर से नहरों और माइनरों की सफाई का कार्य निर्धारित समय में पूरा कराने के निर्देश दिए गए थे। इसके साथ ही सफाई के बाद नहरों में पानी छोड़ने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए समय से टेंडर प्रक्रिया पूरी कराने को भी कहा गया था। इसके बावजूद कार्यों में अपेक्षित तेजी और गंभीरता दिखाई नहीं देने की शिकायतें सामने आ रही थीं।
इसी को लेकर मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने गौ ग्राम परखम स्थित चामुंडा मंदिर के निकट नहर का विशेष रूप से औचक निरीक्षण किया। मौके पर व्यवस्थाओं की स्थिति देखने के बाद उन्होंने खामियों पर नाराजगी जाहिर की। मंत्री के अचानक निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मंत्री को नहर का निरीक्षण करते देख अधिकारी सड़क पर पैदल ही दौड़ते नजर आए।
मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नहरों और माइनरों की सफाई का कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाए तथा टेंडर प्रक्रिया में अनावश्यक देरी न हो। किसानों की फसलों की बुवाई और सिंचाई प्रभावित होने की स्थिति नहीं आनी चाहिए।
भाजपा की चिंतन बैठक में शामिल होने से पहले मंत्री के इस औचक निरीक्षण को सिंचाई विभाग की कार्यप्रणाली की पड़ताल के रूप में देखा जा रहा है। अचानक हुई इस कार्रवाई से विभागीय अधिकारियों में खलबली मची रही।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी, मुकेश खंडेलवाल, नगर निगम के पार्षद नीरज वशिष्ठ आदि मौजूद रहे।