मथुरा में पूरी हुई ऐतिहासिक फिल्म ‘मुगलों की मीरा’ की शूटिंग
15 अक्टूबर से 7 नवंबर तक चला शूटिंग शेड्यूल, औरंगजेब की भूमिका में नजर आएंगे शिवा मुगल
मथुरा। ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर आधारित आगामी फिल्म ‘मुगलों की मीरा’ की शूटिंग मथुरा में सफलतापूर्वक पूरी हो गई है। सी.आर. फिल्म्स और पीएसके फिल्म्स के बैनर तले निर्मित इस फिल्म की शूटिंग 15 अक्टूबर से 7 नवंबर तक मथुरा के विभिन्न स्थानों पर की गई। फिल्म की शूटिंग पूरी होने के साथ ही निर्माण का एक महत्वपूर्ण चरण संपन्न हो गया है।
फिल्म के निर्माता एवं निर्देशक अजय राम हैं जबकि सीए राकेश वार्ष्णेय सह-निर्माता के रूप में जुड़े हैं। फिल्म में अभिनेता शिवा मुगल शासक औरंगजेब की भूमिका निभा रहे हैं। वहीं शिल्पा गांधी नवाब बाई के किरदार में नजर आएंगी। अलक तिवारी ने जेब की भूमिका निभाई है जबकि अभिनेता हेमंत बिरजे मीर बख्श के महत्वपूर्ण किरदार में दिखाई देंगे।
फिल्म में शुभांगी शर्मा श्वेता सिंह और प्रियंका सहित कई अन्य कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का संगीत आसिफ इकबाल ने तैयार किया है जबकि मशहूर गायिका शिखा जोशी ने अपनी आवाज से फिल्म के संगीत को खास रंग दिया है।
मथुरा में लंबे शूटिंग शेड्यूल के पूरा होने के बाद अब फिल्म की टीम अगले चरण की तैयारियों में जुटेगी। ऐतिहासिक परिवेश और प्रमुख ऐतिहासिक किरदारों पर आधारित इस फिल्म को लेकर दर्शकों में उत्सुकता बनी हुई है। अब फिल्म के अगले चरण और रिलीज की तारीख को लेकर आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।