कोसीकलां में 2500 किलो संदिग्ध पनीर पकड़ा, 5.05 लाख का माल कराया नष्ट
राजस्थान के कामां से मथुरा बिक्री के लिए लाया जा रहा था पनीर, खाद्य विभाग ने जांच के लिए भेजे नमूने
मथुरा। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने शुक्रवार देर रात करीब 1:30 बजे आगरा-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोसीकलां क्षेत्र में बठैन गेट पुलिस चौकी के पास कार्रवाई करते हुए 2500 किलोग्राम संदिग्ध पनीर पकड़ा। राजस्थान के कामां से बोलेरो पिकअप में भरकर मथुरा बिक्री के लिए लाए जा रहे इस पनीर की गुणवत्ता संदिग्ध मिलने और खरीद-बिक्री से संबंधित अभिलेख उपलब्ध नहीं कराने पर खाद्य विभाग ने पूरे पनीर को जनहित में नष्ट करा दिया। नष्ट किए गए पनीर की अनुमानित बाजार कीमत 5 लाख 5 हजार रुपये बताई गई है।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय डॉ. जतिन कुमार सिंह के नेतृत्व में खाद्य सचल दल और पुलिस बल की मौजूदगी में यह कार्रवाई की। टीम ने राजस्थान के कामां की ओर से आ रही बोलेरो पिकअप को रोककर तलाशी ली। वाहन चालक सलीम पुत्र इस्माइल ने बताया कि पिकअप में कामां स्थित पनीर निर्माण डेयरी से करीब 2500 किलोग्राम पनीर बिक्री के लिए लाया जा रहा है।
जांच के दौरान कारोबारी की ओर से पनीर की खरीद और बिक्री से संबंधित आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए जा सके। वहीं पनीर की गुणवत्ता भी संदिग्ध प्रतीत हुई। इस पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने पनीर के दो नमूने लेकर जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेज दिए।
खाद्य अधिकारियों के अनुसार पनीर अस्वच्छकर और दूषित प्रतीत होने के कारण जनहित में मौके पर ही करीब 2500 किलोग्राम पनीर नष्ट करा दिया गया। इसकी अनुमानित कीमत 5,05,000 रुपये आंकी गई है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित कारोबारी के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई करने वाली टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिनेश भारती, धर्मेंद्र सिंह और जितेंद्र सिंह शामिल रहे। खाद्य विभाग की इस कार्रवाई से मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों का कारोबार करने वालों में खलबली मच गई।