मथुरा में बेकाबू कार ने खेत में मचाई तबाही, एक ही परिवार की तीन पीढ़ियों को कुचला, बाबा-बेटे और नाती की मौके पर मौत
हाईवे से उतरकर खेत में घुसी तेज रफ्तार स्विफ्ट कार, ग्रामीणों ने लगाया जाम
मथुरा। मथुरा-बरेली हाईवे पर गुरुवार सुबह करीब आठ बजे राया थाना क्षेत्र के गांव गजू के पास भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार की तीन पीढ़ियों की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार अनियंत्रित स्विफ्ट कार हाईवे से उतरकर सीधे खेत में जा घुसी और वहां काम कर रहे बाबा उनके बेटे और नाती को रौंद दिया। हादसे में जवाहर सिंह उनके बेटे हरवीर और नाती अंकित की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक कार छोड़कर फरार हो गया। मांट के विधायक राजेश चौधरी सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घटना पर दुःख व्यक्त करते हुए आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वसन दिया।

जानकारी के अनुसार गांव गजू निवासी जवाहर सिंह अपने खेत में पूर्वजों के लिए स्थान बनवा रहे थे। गुरुवार सुबह उनके साथ बेटा हरवीर और नाती अंकित भी खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान बरेली की ओर से मथुरा आ रही तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अचानक अनियंत्रित हो गई। कार हाईवे से उतरकर सीधे खेत में जा घुसी और तीनों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार की रफ्तार इतनी अधिक थी कि अनियंत्रित होने के बाद वह हाईवे से काफी दूर खेत में जा पहुंची। लोगों ने बताया कि कुछ पल के लिए ऐसा लगा मानो कार हवा में उड़ती हुई खेत में जा गिरी हो। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए लेकिन तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी। वहीं चालक कार छोड़कर मौके से फरार हो गया।
एक ही परिवार की तीन पीढ़ियों की मौत की खबर से गांव में कोहराम मच गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने मथुरा-बरेली हाईवे पर जाम लगा दिया। सूचना पर राया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस फरार कार चालक की तलाश में जुटी है। इस हृदयविदारक हादसे के बाद गांव गजू में मातम पसरा हुआ है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से हर आंख नम है।