आईजीआरएस रैंकिंग में अमेठी का शानदार प्रदर्शन , यूपी के टॉप-10 जिलों में बनाई जगह
8,158 शिकायतों का शत-प्रतिशत निस्तारण, मंडल में मिला पहला स्थान
अमेठी । जनशिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के मामले में अमेठी ने अक्टूबर 2026 की आईजीआरएस रैंकिंग में प्रदेश के टॉप-10 जनपदों में जगह बनाई है। इसके साथ ही अमेठी ने मंडल में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। अक्टूबर माह में जिले को कुल 8,158 जनशिकायतें प्राप्त हुईं। प्रशासन ने निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी शिकायतों का शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित किया। शिकायतों के प्रभावी समाधान के लिए चलाए जा रहे ‘एक दिवस में पूर्ण समाधान अभियान’ के तहत विशेष रूप से शिकायतों के वास्तविक और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर दिया जा रहा है।
जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जनशिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे बल्कि प्रत्येक शिकायत का समाधान संवेदनशीलता पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन को समयबद्ध न्याय और राहत उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। जिलाधिकारी श्री चौधरी ने कहा कि जनशिकायतों का गुणवत्तापूर्ण समाधान हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।